– राहुल के बयान पर बिफरी बीजेपी
नई दिल्ली :- बीजेपी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर विदेश में भारत को बदनाम करने का आरोप लगाया है। बीजेपी के सीनियर लीडर और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने गुरुवार को कहा कि राहुल गांधी लोकतंत्र पर हमला करने की आड़ में देश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार निशाना बना रहे हैं। वहीं बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी का रिमोट कंट्रोल विदेशी हाथों में है।
दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रसाद ने कहा, ‘राहुल गांधी विदेश में हैं। अच्छा होता अगर वे देश के लिए शुभकामनाएं देते, लेकिन वे भारत पर हमला कर रहे हैं। वे कहते हैं कि भारत में लोकतंत्र नहीं है, जबकि यहां पूरी तरह लोकतंत्र है। असल समस्या यह है कि राहुल गांधी केवल सत्ता चाहते हैं।’ प्रसाद ने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी चीन की तारीफ कर भारत को नीचा दिखाते हैं। उन्होंने कहा, ‘अगर आप विदेश जाकर भारत का अपमान करेंगे, तो जनता आपको वोट नहीं देगी। आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और जल्द ही तीसरे स्थान पर पहुंचेगा। लेकिन राहुल गांधी कहते हैं कि भारत वैश्विक ताकत नहीं बन सकता और चीन दुनिया का नेतृत्व कर सकता है। यह साफ दिखाता है कि उन्हें चीन से प्यार है और भारत का अपमान करने का मौका नहीं छोड़ते।’




