नागपुर :- नागपुर पुलिस की अपराध शाखा के मादक पदार्थ विरोधी पथक, अन्न सुरक्षा अधिकारी और यशोधरा नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में प्रतिबंधित तंबाकू जन्य पदार्थों के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 97 किलो 300 ग्राम प्रतिबंधित सुगंधित तंबाकू और पान मसाला जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 81,370 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, मिली गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने यशोधरा नगर थाना क्षेत्र के टीपू सुल्तान चौक स्थित एक मकान पर पंचों की मौजूदगी में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आरोपी अलीम नबी अहमद अंसारी (36) के घर से शासन द्वारा प्रतिबंधित विभिन्न कंपनियों के सुगंधित तंबाकू, पान मसाला और तंबाकू पाउच बरामद किये गये। पूछताछ में आरोपी प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस ने मौके से डायरेक्टर, जनम, जाफरानी जर्दा, व्ही-1, पान बहार समेत विभिन्न ब्रांडों के प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद जब्त कर लिए। अन्न सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर यशोधरानगर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जब्त माल सहित यशोधरा नगर पुलिस के हवाले कर दिया है।





