नागपुर :- नागपुर के कलमना थाना क्षेत्र स्थित पांडुरंग नगर में प्रॉपर्टी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सास की संपत्ति में हिस्सेदारी को लेकर हुए विवाद के दौरान दामाद की कथित तौर पर ससुराल पक्ष के रिश्तेदारों ने क्रिकेट बैट, लकड़ी के डंडे और टिकास से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान वैष्णो देवी नगर निवासी अखिलेश गुड्डू धुर्वे (30) के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में दीनानाथ निर्मलकर (30), संतोष गायगोवाल (50) का समावेश है, जबकि लक्ष्मी पटेल की गिरफ्तारी अभी बाकी है।तीनों ही पांडुरंग नगर निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार दीनानाथ मृतक का भांजा, संतोष चचेरा ससुर और लक्ष्मी पटेल रिश्ते में आते-सास हैं। पुलिस के मुताबिक, अखिलेश की शादी कुछ वर्ष पहले तुलसीबाई गायगोवाल की बेटी आंचल से हुई थी। तुलसीबाई के नाम पर मौजूद संपत्ति को लेकर लंबे समय से परिवार में विवाद चल रहा था। रविवार रात करीब 10.30 बजे अखिलेश अपनी पत्नी के साथ सास के घर पहुंचा और संपत्ति में हिस्सेदारी की मांग की। इसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि विवाद के दौरान अखिलेश ने सास के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिसके बाद दीनानाथ ने क्रिकेट बैट से उस पर हमला कर दिया। इसके बाद अन्य आरोपियों ने भी लकड़ी के डंडों और टिकास से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल अखिलेश को उसकी पत्नी पहले मेयो अस्पताल और बाद में मेडिकल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कलमना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर २ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।





