– प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करने वाले पिता-पुत्र की हत्या, आरोपी असद गिरफ्तार
नई दिल्ली :- राजधानी दिल्ली के साउथ ईस्ट के चितरंजन पार्क इलाके में शुक्रवार शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई. यहां तारा अपार्टमेंट में रहने वाले पिता-पुत्र की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि परिवार का एक अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतकों की पहचान राकेश सूद और उनके बेटे करण सूद के रूप में हुई है. वहीं घायल रिश्तेदार राहुल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना की सूचना शुक्रवार शाम करीब 7 बजे पुलिस को मिली, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई. शुरुआती जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने वाला आरोपी असद, मृतकों का पड़ोसी है और दोनों के बीच लंबे समय से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था.
पुलिस के अनुसार आरोपी असद पूरी तैयारी के साथ मौके पर पहुंचा था. उसके पास एक बड़ा धारदार चाकू था. जैसे ही उसे मौका मिला, उसने पिता-पुत्र और उनके रिश्तेदार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले के दौरान गले और शरीर के अन्य हिस्सों को निशाना बनाया गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही राकेश सूद और करण सूद ने दम तोड़ दिया.
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के भागने के रूट का पता लगा.
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी का पीछा किया और उसे पकड़ लिया गया. आरोपी असद को हिरासत में लेकर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है. फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस वारदात में आरोपी के साथ कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं.








