– नगरसेविका के पति की बेरहमी से हत्या
खोपोली :- खोपोली नगर पालिका की नगरसेविका मानसी कालोखे के पति मंगेश कालोखे की शुक्रवार को बेरहमी से हत्या कर दी गई. 21 दिसंबर को चुनाव परिणाम आने के महज 5 दिन बाद हुई इस हत्या से खोपोली शहर में तनावपूर्ण माहौल बन गया है. हत्या के बाद शिवसेना (शिंदे गुट) के कार्यकर्ताओं समेत बड़ी संख्या में नागरिक खोपोली पुलिस थाने के बाहर जमा हो गए. पुलिस थाने के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया गया है और नागरिकों ने थाने का घेराव कर लिया है. प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है. वरिष्ठ निरीक्षक के निलंबन की मांग : इसके चलते पूरे खोपोली शहर को बंद कर दिया गया है. वहीं खोपोली पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक सचिन हिरे को निलंबित करने की भी मांग उठ रही है. रायगढ़ की पुलिस अधीक्षक आंचल दलाल ने थाने में जमा भीड़ को समझाने की कोशिश की लेकिन प्रदर्शनकारी अपने धरने पर अड़े रहे. स्थानीय नागरिक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे. मंगेश कालोखे पूर्व नगरसेवक थे. शुक्रवार सुबह वे अपने बेटे को स्कूल छोड़ने गए थे. लौटते समय कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर बेरहमी से उनकी हत्या कर दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर काले रंग की गाड़ी में आए थे और उन्होंने अपने चेहरे रूमाल से ढके हुए थे जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी. फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.








