नागपुर 1 : ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नागपुर में अनिल कुमार, उप महानिरीक्षक के सशक्त नेतृत्व में 30 जून 2025 को एक व्यापक वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को साकार करते हुए, ग्रुप केंद्र परिसर में कुल 1800 पौधों का रोपण किया गया। इन पौधों में नीम, पीपल, आम, इमली, जामुन, बरगद एवं अन्य स्थानीय प्रजातियों को सम्मिलित किया गया, जो न केवल पर्यावरण दृष्टिकोण से उपयोगी हैं, बल्कि जैव विविधता को भी समृद्ध करेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य न केवल हरियाली को बढ़ावा देना था, बल्कि जनमानस में पर्यावरण चेतना और जलवायु परिवर्तन के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को भी प्रोत्साहित करना था।
अनिल कुमार ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा – “हमारे द्वारा लगाया गया प्रत्येक पौधा न केवल आज की ज़रूरत है, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक अमूल्य उपहार भी है। हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि हम केवल वृक्ष न लगाएं, बल्कि उन्हें संरक्षण व संवर्धन भी प्रदान करें।”
इस कार्यक्रम में जी.डी. पंढरीनाथ, कमांडेंट, बनवारी लाल, उप कमांडेंट, गुरुचरण सवाईं, सहायक कमांडेंट, प्रदीप वी.के., सहायक कमांडेंट, कैलास स्वागत, सहायक कमांडेंट, कमल भट्टाचार्य, सहायक कमांडेंट (मंत्रा.), अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने वृक्षारोपण कर इस अभियान को सफल बनाने में सहभागिता निभाई। सीआरपीएफ नागपुर का यह प्रयास सामाजिक दायित्व एवं पर्यावरण संवेदनशीलता का प्रतीक है और यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा, ताकि हम एक स्वच्छ, हरित और सतत भविष्य की ओर अग्रसर हो सकें।




