नागपुर :- अग्रसेन चौक पर लगातार हो रही ट्रैफिक जाम की समस्या को दूर करने के लिए नागपुर महानगरपालिका ने गोलाकार कंपाउंड को करीब 3 फीट अंदर कर दिया है। सड़क पर अतिरिक्त जगह उपलब्ध होने से अब चौक पर वाहनों की आवाजाही पहले की तुलना में सुचारु हुई है।
अग्रसेन चौक पर अग्रसेन महाराज की प्रतिमा के चारों ओर बनाए जा रहे बड़े गोलाकार कंपाउंड के कारण सड़क का काफी हिस्सा घिर गया था। इससे वाहनों के आवागमन के लिए उपलब्ध जगह कम हो गई थी और पीक समय में यहां जाम की स्थिति बन रही थी। समस्या की जानकारी मिलने के बाद कॉटन मार्केट ट्रैफिक जोन के अधिकारियों ने मनपा अधिकारियों के साथ मौके का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक विभाग ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए गोलाकार कंपाउंड का आकार कम करने तथा इसे करीब 3 फीट पीछे करने का सुझाव दिया। ट्रैफिक विभाग के सुझाव के बाद मनपा अधिकारियों ने कंपाउंड को करीब 3 फीट अंदर कर दिया। इससे सड़क पर वाहनों के लिए अतिरिक्त जगह मिल गई और अग्रसेन चौक पर यातायात का दबाव कम हुआ। इसके साथ ही सिग्नल का टाइमर भी बढ़ाया गया है, जिससे वाहनों की आवाजाही और अधिक सुचारु होने में मदद मिली है।
ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों के अनुसार, नागरिकों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए ऐसे स्थानों की लगातार निगरानी की जा रही है, जहां निर्माण कार्य या अन्य कारणों से यातायात प्रभावित हो रहा है। संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर मौके पर आवश्यक बदलाव किए जा रहे हैं।फिलहाल, कंपाउंड का आकार कम किए जाने और सिग्नल टाइमिंग में बदलाव के बाद अग्रसेन चौक पर यातायात व्यवस्था में सुधार देखने को मिल रहा है। मामले में कॉटन मार्केट ट्रैफिक जोन के पीआई अजय मानकर ने भी यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए किए गए प्रयासों की जानकारी दी।





