– 19.65 लाख का माल बरामद, एक फरार
नागपुर :- कपिल नगर थाना क्षेत्र के दीक्षित नगर में हुई लाखों रुपये की चोरी का क्राइम ब्रांच यूनिट-6 ने पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक आरोपी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोना-चांदी, नकद, दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज समेत करीब 19 लाख 65 हजार रुपये का माल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, दीक्षित नगर निवासी मकान मालिक परिवार के साथ बाहर गया था। इसी दौरान घर पर ताला लगा होने का फायदा उठाकर आरोपियों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर में प्रवेश किया। घर से करीब 84 तोला सोना, 900 ग्राम चांदी और नकदी चोरी कर आरोपी फरार हो गए थे। घटना की शिकायत कपिल नगर थाने में दर्ज होने के बाद क्राइम ब्रांच यूनिट-6 ने समानांतर जांच शुरू की। तकनीकी जांच, गुप्त सूचना और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पुलिस ने किशोर करवाडे, आर्यन मेश्राम, संतोष धमगाये और संगीता करवाडे को गिरफ्तार किया है, जबकि फरदीन शेख फरार है। जांच में सामने आया कि किशोर करवाडे ने चोरी का माल अपनी मां संगीता करवाडे को सौंपा था। इसके बाद चोरी का सोना बेचकर प्लॉट और वर्ना कार खरीदे जाने की जानकारी पुलिस को मिली। पुलिस ने प्लॉट और कार से संबंधित दस्तावेज भी बरामद किए हैं। आरोपियों के पास से 14 तोला सोना, चांदी, 1 लाख 70 हजार रुपये नकद, दोपहिया वाहन, चार मोबाइल फोन, बैंक पासबुक तथा प्लॉट और वर्ना कार से संबंधित दस्तावेज बरामद किए गए हैं। बरामद माल की कुल कीमत करीब 19 लाख 65 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों को मेडिकल जांच के बाद आगे की कार्रवाई के लिए कपिल नगर पुलिस के हवाले किया गया है। पुलिस फरार आरोपी फरदीन शेख की तलाश कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वारदात में अन्य लोग शामिल थे या नहीं और चोरी के माल को ठिकाने लगाने में किन लोगों की भूमिका रही।





