हिंगना :- महावितरण के हिंगना ग्रामीण वितरण केंद्र की ओर से आईसी चौक स्थित राय टाउन गेट के सामने स्मार्ट टीओडी (टाइम ऑफ डे) मीटर को लेकर जन जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नागरिकों को स्मार्ट मीटर के लाभ, उससे जुड़े भ्रम और वास्तविक तथ्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर बताया गया कि स्मार्ट टीओडी मीटर से सटीक एवं पारदर्शी बिजली बिलिंग होती है। दिन के निर्धारित समय पर बिजली उपयोग करने पर उपभोक्ताओं को रियायत का लाभ मिल सकता है। इसके अलावा स्वचालित मीटर रीडिंग, मोबाइल ऐप के माध्यम से बिजली खपत की जानकारी तथा बिजली चोरी पर नियंत्रण जैसे लाभों की जानकारी भी सूचना पत्रकों के माध्यम से दी गई।
अधिकृत जानकारी पर ही भरोसा करें
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर प्रीपेड नहीं बल्कि पोस्टपेड है। मीटर लगाने के लिए उपभोक्ताओं से कोई शुल्क नहीं लिया जाता तथा स्मार्ट मीटर के कारण दोहरा बिजली बिल नहीं आता। साथ ही लोगों से अपील की गई कि स्मार्ट मीटर को लेकर फैल रही अफवाहों पर विश्वास न करें और केवल अधिकृत जानकारी पर ही भरोसा करें। जन जागरूकता अभियान में नागपुर परिमंडल के मुख्य अभियंता राजेश नाईक, अधीक्षक अभियंता प्रफुल्ल लांडे, कार्यकारी अभियंता स्वप्नील गोतमारे, हिंगना के उपकार्यकारी अभियंता भूपेंद्र रंधये, सहायक अभियंता अमोल धुमणे, सहायक लेखापाल योगेश विजयकर, कनिष्ठ अभियंता आशीष खोब्रागड़े, कनिष्ठ अभियंता सुमित पिसे तथा महावितरण के तकनीकी कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान नागरिकों को स्मार्ट टीओडी मीटर संबंधी जानकारी पुस्तिकाओं का वितरण किया गया तथा उनकी शंकाओं का समाधान कर स्मार्ट मीटर के प्रति जागरूक किया गया।




