spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

सुप्रीम कोर्ट तक INDIA ब्लॉक का मार्च, दिल्ली में सुरक्षा कड़ी

– छह मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद, मंडी हाउस से कनॉट प्लेस तक भारी बैरिकेडिंग

नई दिल्ली :- इंडिया ब्लॉक के प्रस्तावित मार्च को लेकर सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। विपक्षी गठबंधन के नेता सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करने की तैयारी में हैं। हालांकि, मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ने सांसदों के आवेदन को अस्वीकार कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, विपक्ष जिन मुद्दों को उठाना चाहता है, वे पहले से ही सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन हैं। इसके बावजूद कांग्रेस ने लोगों से मार्च में शामिल होने की अपील की है।

मार्च को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कई प्रमुख इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। मंडी हाउस, बाराखंभा रोड, कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर के आसपास बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। एहतियात के तौर पर कई स्थानों पर बैरिकेडिंग भी की गई है। दिल्ली पुलिस के साथ रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान भी तैनात हैं।

छह मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद:

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने सुरक्षा कारणों से सोमवार सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक छह मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद रखने का निर्णय लिया है। इनमें पटेल चौक, जनपथ, राजीव चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय और बाराखंबा रोड मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। इससे इन स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही प्रभावित होने की संभावना है।

कांग्रेस मुख्यालय में तैयारियां:

मार्च से पहले 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय में तैयारियां की गई हैं। परिसर में टेंट लगाए गए हैं, तिरपाल बिछाई गई है और पंखों की व्यवस्था की गई है। मार्च में शामिल होने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का पहुंचना शुरू हो गया है।

कर्नाटक कांग्रेस के नेता सुबह 9 बजे कर्नाटक भवन में एकत्रित होना शुरू हो गया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लोगों से मार्च में शामिल होने की अपील की थी।

हुड्डा के आवास पर जुटे हरियाणा के नेता:

हरियाणा कांग्रेस के विधायक, सांसद और अन्य नेता पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा के आवास पर एकत्रित हुए हैं। ये नेता भी इंडिया ब्लॉक के प्रस्तावित मार्च में शामिल होने वाले हैं।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तारीख मांगेंगी CJP:

दूसरी ओर, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने रविवार को घोषणा की कि वह और पार्टी के अन्य नेता सोमवार सुबह संसद मार्ग पुलिस थाने पहुंचकर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए तारीख देने की मांग करेंगे।

पार्टी ने दिल्ली पुलिस को चेतावनी दी है कि यदि उसे प्रदर्शन की तारीख नहीं दी गई, तो वह एक बार फिर प्रदर्शन का आह्वान करेगी। इस बीच, इंडिया ब्लॉक के मार्च को देखते हुए जंतर-मंतर के आसपास भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है और बैरिकेडिंग की गई है।

Popular Articles