– गोलीबारी में दो लोग जख्मी
नालंदा :- बिहार के नालंदा डिस्ट्रिक्ट में रविवार देर रात गोलीबारी की सनसनीखेज वारदात हुई। मामला चिकसौरा थाना क्षेत्र के कमरथू गांव का है, जहां वर्चस्व की लड़ाई को लेकर दो पक्षों में जमकर फायरिंग हुई। इस घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, रविवार की रात करीब 10 बजे दो पक्षों में आपसी रंजिश के चलते झगड़ा बढ़ गया, जिसके बाद फायरिंग शुरू हो गई। घायलों की पहचान चंद्रिका प्रसाद और मुद्रिका प्रसाद की पत्नी सिरदुल देवी (40) के रूप में की गई है। घटना के बाद दोनों को भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। परिजनों ने बताया कि गांव के ही जार्विस यादव और पिंटू यादव के बीच वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान दोनों के समर्थकों में झड़प हुई और फायरिंग शुरू हो गई। फायरिंग के दौरान सिरदुल देवी के गर्दन में गोली लगी, जबकि चंद्रिका प्रसाद के सिर पर गंभीर चोट आई है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल गोली लगने की पुष्टि नहीं की है।




