– खेत से पैदल घर लौटते समय अज्ञात वाहन ने बुजुर्ग को मारी टक्कर
नागपुर/सावनेर :- केलोद थाना क्षेत्र के रामपुरी फाटा के पास मंगलवार शाम करीब 4.30 बजे हुए सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान देशमुख कॉलोनी, केलोद, तह.सावनेर, जि.नागपुर निवासी तुकाराम नत्थूजी मोरांडे (60) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, तुकाराम मोरांडे खेत से पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रामपुरी फाटा के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद वे करीब आधे घंटे तक घटनास्थल पर पड़े रहे। घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी एवं हितज्योति आधार फाउंडेशन के हितेश बंसोड़ ने केलोद पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक आशीष सिंह ठाकुर को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल तुकाराम मोरांडे को उपचार के लिए सावनेर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जांच के बाद चिकित्सा अधिकारियों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सावनेर सरकारी अस्पताल भेज दिया है। केलोद पुलिस हादसे में शामिल वाहन की तलाश कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और वाहन की पहचान के लिए आगे की जांच कर रही है।





