– तेज रफ्तार कार ने आधा दर्जन लोगों को मारी टक्कर, 3 की हालत चिंताजनक
नागपुर :- गिट्टीखदान थाना क्षेत्र में दिनशॉ फैक्टरी के पास मंगलवार देर रात तेज रफ्तार महिला कार चालक ने करीब आधा दर्जन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन बच्चों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें तीन की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घायलों में 2 वर्षीय शिशु भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 10.30 बजे हुआ। दिनशॉ फैक्टरी के पास 5-6 लोग सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही कार क्रमांक एमएच-31/एफयू-0272 की चालक महिला ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। बेकाबू कार ने पहले एक एक्सयूवी को पीछे से टक्कर मारी और इसके बाद सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। घायलों में हरीश रामभाऊ रेवतकर, आशीष पुरुषोत्तम नखाते, बबलू कुलमेथे और वंशिका कुलमेथे समेत अन्य लोगों का समावेश है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

लोगों ने महिला चालक को पुलिस के हवाले किया
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने महिला चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गिट्टीखदान पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली।हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग गिट्टीखदान थाने पहुंचे और महिला चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
स्थिति को देखते हुए थाने में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।





