spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

रेशिमबाग से कोराड़ी तक रेंगते वाहन, सुस्त काम पर उठे सवाल

– धीमे पुल निर्माण से बढ़ा हादसों का खतरा

नागपुर :- शहर में विभिन्न स्थानों पर जारी पुल निर्माण कार्यों के बीच कई रास्तों पर करीब आधा घंटे का जाम लगना आम हो गया है. वर्धा रोड तो हाल ही में आंदोलन के चलते भीषण जाम की समस्या से उबरा है लेकिन पुलों के बेहद सुस्त काम के चलते समस्याएं बनी हुई हैं. रेशिमबाग चौक से कड़बी चौक तक जो करीब आधा किमी के हिस्से में आधे घंटे तक वाहनों का अटकना रोजमर्रा की बात हो गई है. इसी तरह कोराड़ी नाके पर भी पुल का काम बेहद धीमी गति से चल रहा है. यहां तो करीब 800 मीटर तक जाम लग जाता है या गाड़ियां रेंगते हुए आगे बढ़ती हैं. रेशिमबाग में कविवर्य सुरेश भट सभागृह के ठीक सामने रोजाना शाम के समय जाम दिखाई देता है. शुक्रवार की शाम चौक के एक मोड़ पर एसटी की शिवशाही बस बंद पड़ गई. एमएच 31 बीडब्ल्यू 0813 क्रमांक की बस के फेल हो जाने के चलते थी वाहनों को चौक से आगे बढ़ने में दिक्कत हुई. वहीं पुल के एप्रॉन के कार्य के लिए की गई बैरिकेडिंग ने सड़क को संकरा बना दिया है.

उधर कोराडी रोड पर एक ओर पहले से ही लगी फैंसिंग को रोड पर और ढाई फीट आगे बढ़ाकर फैंसिंग कर दी गई है. बीते दिनों दो स्कूल वाहनों की भीषण टक्कर में दो की मौत को लेकर मानकापुर चौक के ऊपरी हिस्से में पुल के धीमे सुधार पर ही उंगलियां उठाई गई थीं. कामठी रोड के कड़बी चौक से मोमिनपुरा व गार्डलाइन तक का मार्ग करीब दो साल पहले तक काफी अच्छा था अब ये कच्चे रास्ते में तब्दील हो चुका है. इससे गुजरने पर हादसों की आंशका बनी रहती है. इस रास्ते को गंदा बनाकर रख दिया गया है. इसके अलावा मोतीबाग आरयूबी के आगे कबाड़ियों के मनमाने कब्जे वाली जगह पर खतनाक ढंग से बैरिकेडिंग की गई है. इस कारण दोनों ओर जाम लगता है.

कमाल चौक से दिघोरी फ्लाईओवर बना सिरदर्द

सबसे लंबा फ्लाईओवर, कमाल चौक से दिघोरी तक बन रहा है. अशोक चौक पर इसका एक मामला ‘बालकनी फ्लाईओवर’ चर्चा में भी रहा. लेकिन कमाल चौक से गोलीबार चौक के बीच लोग काफी दिक्कत झेल रहे हैं. गांजाखेत से ताजबाग के आगे तक वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते हैं. जबकि, पांचपावली पुल का एक हिस्सा अब भी नहीं तोड़ा जा सका है.


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.