नागपुर :- शहर में लगातार बढ़ते अपराध, नशाखोरी, भूमाफियाओं का आतंक, संगठित गुंडागर्दी, गोलीबारी, गैंगवार, महिलाओं पर अत्याचार, बलात्कार, जबरन घर खाली करवाने जैसी घटनाओं ने आम जनता के मन में भय और असुरक्षा का वातावरण निर्माण कर दिया है। शहर की कानून व्यवस्था को लेकर नागरिकों में गंभीर चिंता व्याप्त है।
स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि अपराधियों के मन से कानून एवं पुलिस प्रशासन का भय समाप्त होता दिखाई दे रहा है। भूमाफिया, नशा तस्कर और गुंडे-बदमाश खुलेआम आम नागरिकों को धमकाकर दहशत फैलाने का कार्य कर रहे हैं। यदि समय रहते इन अपराधियों पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो नागपुर की शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो सकती है।
इसी संदर्भ में भीम सेना द्वारा आयोजित पत्र परिषद में विशेष रूप से नागपुर शहर के पूर्व जांबाज एवं कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारियों —पूर्व पुलिस उपायुक्त अविनाश कुमार, रंजन कुमार शर्मा एवं गजानन राजमाने —को पुनः नागपुर में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
पत्रपरिषद में यह भी जानकारी दी गई कि भीम सेना की ओर से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को दिनांक 18/05/2026 को पत्र भेजकर नागपुर शहर में बढ़ते अपराधों पर नियंत्रण हेतु इन अधिकारियों को पुनः महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने की मांग की गई है।
पत्र परिषद में कहा गया कि इन अधिकारियों के कार्यकाल में नागपुर शहर में अपराधियों, भूमाफियाओं, नशा तस्करों एवं संगठित गुंडागर्दी पर प्रभावी नियंत्रण देखने को मिला था। उनके नेतृत्व में पुलिस प्रशासन की सख्ती के कारण अपराधियों में कानून का स्पष्ट भय था तथा आम जनता स्वयं को सुरक्षित महसूस करती थी। भीम सेना का मानना है कि आज नागपुर को पुनः ऐसे ही निर्भीक, निष्पक्ष और कठोर प्रशासनिक अधिकारियों की आवश्यकता है, जो बिना किसी दबाव के अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर सकें। नागपुर की जागरूक जनता आज भी अविनाश कुमार, रंजन कुमार शर्मा एवं गजानन राजमाने जैसे पुलिस अधिकारियों के कार्यों को सम्मानपूर्वक याद करती है।
भीम सेना ने सरकार एवं पुलिस प्रशासन से मांग की है कि नागपुर शहर में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा “दहशतमुक्त नागपुर” निर्माण हेतु इन अधिकारियों को पुनः महत्वपूर्ण जिम्मेदारीसौंपी जाए।
अतः आपसे विनम्र निवेदन है कि जनहित एवं नागपुर शहर की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस पत्र परिषद की खबरों को सभी प्रमुख दैनिक समाचार पत्रों एवं मीडिया माध्यमों में प्रमुखता से प्रकाशित करने का कष्ट करें।