Jasprit Bumrah: भारत और पाकिस्तान के बीच हाईवोल्टेज मुकाबला 14 सितंबर को खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। वहीं मैच से पहले पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर मोहसिन खान ने भारतीय गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की खूब तारीफ की है। मोहसिन ने बुमराह की तुलना न्यूजीलैंड के मशहूर गेंदबाज रिचर्ड हैडली से करते हुए कहा बुमराह की गेंदबाजी का अंदाज अलग है और वह सपाट पिचों पर भी गेंद को स्विंग कराने में माहिर हैं। मोहसिन ने कहा कि बुमराह आज के दौर के सबसे बेहतरीन तेज गेंदबाजों में से एक हैं।
पाकिस्तानी खिलाड़ी ने बुमराह की तारीफ
मोहसिन ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, “बुमराह को खास बनाने वाली बात यह है कि वह सिर्फ 7-9 कदम चलकर गेंदबाजी करते हैं, जिसमें वह पहले 2-3 कदम चलकर भी चलते हैं और फिर भी अपनी कलाई से स्विंग और सीम बनाने में कामयाब रहते हैं। वे आज के समय में रिचर्ड हैडली की तरह ही एक ऐसे गेंदबाज हैं जिनका सामना अच्छी बल्लेबाजी पिचों पर भी करना मुश्किल है।” बुमराह के साथ पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर ने मोहम्मद सिराज की भी तारीफ की है। मोहसिन आगे कहा, “सिराज भारत के लिए एक बेहतरीन खोज हैं, हालांकि उन्हें अपनी गेंदबाजी में और नियंत्रण लाने की जरूरत है। उनके पास अच्छी क्षमता है, लेकिन बुमराह वाकई असाधारण गेंदबाज हैं।”
बाबर को लेकर क्या कहा
पाकिस्तान के मौजूदा स्टार बल्लेबाज बाबर आजम को लेकर मोहसिन ने कहा, “बाबर बुरे बल्लेबाज नहीं हैं, लेकिन उन्हें अच्छे साथियों की जरूरत है जो उनके खेल को और मजबूत बना सकें।” उन्होंने एग्जांपल देते हुए कहा, “जैसे विराट कोहली के पास टेस्ट में चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे और केएल राहुल थे, वहीं वनडे में रोहित शर्मा और शिखर धवन जैसे बल्लेबाज मौजूद थे। एक बड़ा खिलाड़ी तभी और महान बनता है जब उसके आसपास मजबूत खिलाड़ी हों।”
हर बार शतक लगाना आसान नहीं
मोहसिन का मानना है कि बाबर और रिजवान एशिया कप का हिस्सा नहीं बने, इसकी वजह उन पर लगातार रन बनाने का दबाव होना है। उन्होंने कहा, “अगर किसी खिलाड़ी पर हर बार शतक बनाने का दबाव हो, तो यह आसान नहीं होता। आखिरकार वे भी इंसान हैं और ऐसे हालात में अक्सर खिलाड़ी वैसा प्रदर्शन नहीं कर पाते जैसा टीम उनसे चाहती है।” उन्होंने याद दिलाया कि उनके समय में माजिद खान, जावेद मियांदाद, जहीर अब्बास, सईद अनवर, इंजमाम-उल-हक, मोहम्मद यूसुफ और यूनिस खान जैसे मजबूत बल्लेबाज टीम का हिस्सा थे।
@credit/source: money control




