नागपुर :- प्रतापनगर थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए 65 वर्षीय व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। इस मामले में प्रतापनगर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान शिवप्रिया अपार्टमेंट, ए-विंग, जटाला बस स्टैंड के पास, नागपुर निवासी प्रशांत वसंत देशकर (65) के रूप में हुई है। उनके भाई हेमंत वसंत देशकर (60) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जानकारी के अनुसार, 15 सितंबर की रात करीब 7.30 से 8 बजे के बीच प्रशांत देशकर अपनी दुपहिया क्रमांक एमएच-31/ एफजेड-7364 से मेस के डिब्बे बांटने के लिए जा रहे थे। एनआईटी कॉम्प्लेक्स, म्हाडा क्वार्टर के सामने खामला की ओर जाने वाले रोड पर कबाड़ी दुकान के पास अज्ञात वाहन चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी दुपहिया को टक्कर मार दी। हादसे में प्रशांत देशकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले पड़ोले हॉस्पिटल और इसके बाद एरिस हॉस्पिटल, रामदासपेठ में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। बाद में उन्हें ट्रामा हॉस्पिटल ले जाया गया। उपचार के बाद उन्हें घर लाया गया था। लेकिन 19 सितंबर की शाम अचानक तबीयत बिगड़ने और बेहोश होने के बाद उन्हें मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।





