spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

उन्नाव गैंगरेप केस – पीड़िता और परिवार ने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया

उन्नाव :- उन्नाव के 2017 के दुष्कर्म मामले की पीड़िता, उसके परिवार और कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की उम्रकैद की सजा दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा निलंबित किए जाने के खिलाफ रविवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया। अधिकारियों से सख्त जवाबदेही की मांग करते हुए, विरोध प्रदर्शन के दौरान मौजूद पीड़िता ने कहा कि उनके परिवार को और सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं मुख्यमंत्री से हमें सुरक्षा देने का अनुरोध कर रही हूं। ये लोग शक्तिशाली हैं। कृपया अपनी बेटी को बचाएं। मेरे पति को नौकरी से निकाल दिया गया था। हम बेरोजगार हैं, हम कहां जाएंगे?” प्रदर्शनकारियों ने दोषी के प्रति दिखाई गई कथित अनुचित नरमी के खिलाफ नारे लगाए और तर्क दिया कि अब तक की गई कार्रवाई सार्वजनिक उम्मीदों से कम रही है। पीड़िता की मां ने कहा कि उन्हें उच्चतम न्यायालय पर भरोसा है और उम्मीद है कि इस मामले में न्याय मिलेगा।

उन्होंने कहा, “हमें पीटा गया, हमारे रिश्तेदारों को पीटा गया, हमारे रिश्तेदारों के खिलाफ फर्जी मामले दर्ज किए गए। मैं सरकार से अनुरोध करती हूं कि उसे (सेंगर को) रिहा न किया जाए।” दिल्ली उच्च न्यायालय ने 23 दिसंबर को सेंगर की अपील लंबित रहने तक उसकी जेल की सजा निलंबित कर दी थी और उसे सशर्त जमानत दे दी थी। अदालत ने कहा था कि वह सात साल और पांच महीने की जेल काट चुका है। हालांकि, वह जेल में ही रहेगा, क्योंकि वह पीड़िता के पिता की हिरासत में हुई मौत के मामले में भी 10 साल की सजा काट रहा है और उस मामले में उसे जमानत नहीं मिली है। उच्चतम न्यायालय सोमवार को दिल्ली उच्च न्यायालय के फैसले को चुनौती देने वाली सीबीआई की याचिका पर सुनवाई करने वाला है।

Popular Articles