– शातिर आरोपी गिरफ्तार
वर्धा/हिंगनघाट :- जिले की वडनेर पुलिस ने दारोडा टोल नाके पर फिल्मी स्टाइल में कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय चोरी करने वाले तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस की यह कार्रवाई टोल नाके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई. इस घटना से क्षेत्र में हलचल मच गई थी. जानकारी के अनुसार तेलंगाना के आदिलाबाद, वारंगल व कामारेड्डी क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महाराष्ट्र की ओर भाग रहे थे. आदिलाबाद पुलिस की वर्धा पुलिस को सूचना मिलने पर वडनेर थाने की टीम ने दारोडा टोल नाके पर नाकाबंदी की. जैसे ही संदिग्ध कार टोल नाके पर पहुंची, पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया. इस दौरान आरोपियों ने कार को तेज रफ्तार में रिवर्स लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को चारों ओर से घेर लिया और तीनों आरोपियों को दबोच लिया. इस कार्रवाई से टोल नाका परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पुलिस जांच में सामने आया कि 23 मई को आदिलाबाद वन टाउन पुलिस थाना क्षेत्र के शांतिनगर इलाके में बंद घर में चोरी की घटना हुई थी. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और आरोपियों की गतिविधियों के आधार पर उनकी पहचान की. आरोपियों द्वारा पुलिस को चकमा देने के लिए फर्जी नंबर प्लेट और नकली फास्टैग का इस्तेमाल किए जाने का भी खुलासा हुआ. आरोपी आदिलाबाद, कामारेड्डी और वरंगल क्षेत्रों में लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं. कई वारदातों के बाद वे नागपुर की ओर भाग रहे थे, तभी वडनेर पुलिस के जाल में फंस गए. गिरफ्तार आरोपियों में जयचंद (33) निवासी त्रिलोकपुरी, पूर्व दिल्ली, प्रेम शालिकराम खत्री (35) व सतेंद्र गुप्ता (41) दोनों निवासी नागपुर का समावेश है. पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपी प्रेम खत्री के रिश्तेदार दारोडा टोल नाके के समीप रहते हैं.
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी शातिर अपराधी हैं और इनके खिलाफ हत्या, डकैती तथा चेन स्नैचिंग जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 46 लाख 46 हजार 600 रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन तथा चोरी में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है. पुलिस ने चोरी का पूरा माल जब्त करने में सफलता हासिल की है.



