spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

विदर्भ में आज चुनावी संग्राम, 7 नगर परिषदों और 54 प्रभागों में मतदान

नागपुर :- सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के बाद विदर्भ की 7 नगर परिषदों में शनिवार 20 दिसंबर को मतदान कराया जा रहा है। इन नगर परिषदों में 7 नगराध्यक्ष पदों सहित कुल 206 वार्डों के लिए मतदान होगा। इसके साथ ही अन्य नगर परिषदों के शेष 54 प्रभागों में भी शनिवार को ही मतदान संपन्न हो रहा है। पहले चरण में जिन नगर परिषदों और नगर पंचायतों में मतदान हो चुका है, उनके साथ आज होने वाले मतदान की संयुक्त मतगणना रविवार 21 दिसंबर को की जाएगी। इसके लिए स्थानीय और पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सज्ज है। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा का तगड़ा बंदोबस्त तैनात किया गया है। इस दौरान 2357 नगरसेवक पदों और कुल 100 नगराध्यक्ष पदों के परिणाम घोषित होंगे।

कुछ प्रभागों के चुनाव स्थगित

किसके सिर जीत का गुलाल चढ़ेगा, इसका फैसला कल होगा। विदर्भ क्षेत्र में कुल 80 नगर परिषदों और 20 नगर पंचायतों के लिए चुनाव प्रस्तावित थे। पहले चरण में 7 नगर परिषदों को छोड़कर शेष सभी स्थानों पर मतदान हो चुका था, जबकि कुछ प्रभागों के चुनाव स्थगित कर दिए गए थे।

उन्हीं शेष स्थानों पर आज मतदान कराया जा रहा है। 2 दिसंबर को पहले चरण का मतदान होने के बाद उम्मीदवारों और पदाधिकारियों को परिणामों के लिए लगभग 19 दिनों तक इंतजार करना पड़ा। अब उनकी उत्सुकता चरम पर है और जीत का जश्न मनाने के लिए उन्हें एक दिन और प्रतीक्षा करनी होगी।

– 2357 नगरसेवकों के कल खुलेंगे भाग्य

– 100 नगराध्यक्षों के सिर चढ़ेगा ताज

शेष सीटों पर भी आज मतदान

– अमरावती जिले में 6 सीटों पर, भंडारा में 2, बुलढाणा में 9, चंद्रपुर में 4, गड़चिरोली में 4, गोंदिया में 5, वर्षा में 7, वाशिम में 2 और यवतमाल में 6 सीटों पर मतदान हो रहा है।

– इसके अलावा नागपुर जिले में नरखेड के 3 प्रभागों, कामठी के 3 प्रभागों, रामटेक के 1 प्रभाग तथा कोंढाली नगर पंचायत के 2 प्रभागों सहित कुल 9 सीटों पर चुनाव कराया जा रहा है।

– इस तरह रुकी हुई 7 नगर परिषदों और विदर्भ के 54 प्रभागों में शनिवार को मतदान की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

आज इन नगर परिषदों में मतदान

जिला नगर परिषद सीटें

अकोला बालापुर 25

बुलढाणा देऊलगांव राजा 21

वाशिम वाशिम 32

अमरावती अंजनगांव सुर्जी 28

चंद्रपुर घुग्घुस 22

वर्धा देवली 20

यवतमाल यवतमाल 58

Popular Articles