– संदल में उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब
खापरखेड़ा :- श्री बाबा ताजुद्दीन औलिया के सहामाही उर्स के अवसर पर 3 सितंबर को वाकी में विविध धार्मिक एवं भक्तिमय कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।उर्स में शामिल होने के लिए आसपास के क्षेत्रों सहित दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इस दौरान संदल यात्रा, झंडा वंदन, बाबा की मजार पर चादर अर्पण, महाप्रसाद तथा मिलाद-कव्वाली का आयोजन होगा। गुरुवार 3 सितंबर को दोपहर 2 बजे काशिनाथ नाना डहाके पाटिल के वाकी स्थित निवासस्थान वाड़ा से भव्य संदल निकाला जाएगा। यह संदल वाकी गांव के प्रमुख मार्गों से होते हुए शाम 6 बजे वाकी दरबार पहुंचेगी। यहां परंपरा के अनुसार सज्जादा नशीन ज्ञानेश्वरराव डाहाके पाटिल के हाथों झंडा वंदन किया जाएगा। इसके बाद बाबा की मजार पर चादर पेश कर सहामाही उर्स का विधिवत शुभारंभ होगा।
रात 8 बजे मिलाद-कव्वाली:
उर्स में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है। वहीं रात 8 बजे मिलाद एवं कव्वाली का विशेष कार्यक्रम होगा। धार्मिक और सूफी परंपरा से जुड़े इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है।
वाकी में बिताए थे करीब 12 वर्ष:
बाबा ताजुद्दीन औलिया ने अपने जीवन के करीब 12 वर्ष वाकी में व्यतीत किए थे। राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देने वाले बाबा की चरणस्पर्श से पावन मानी जाने वाली इस भूमि पर आयोजित सहामाही उर्स का श्रद्धालुओं के बीच विशेष महत्व है। उर्स के अगले दिन 4 सितंबर को सुबह 10 बजे कुल शरीफ का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही सहामाही उर्स का समापन होगा। श्री बाबा ताजुद्दीन दर्गा वाकी ट्रस्ट के अध्यक्ष तथा सज्जादा नशीन प्रभाकर डाहाके पाटिल ने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर बाबा के दर्शन एवं आशीर्वाद लेने का आह्वान किया है।





