– सुप्रीम कोर्ट का FSSAI को आदेश
नई दिल्ली :- सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है कि ज्यादा चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट वाले पैकेज्ड फूड प्रोडक्ट्स पर चेतावनी का लेबल लगाया जाएगा। पैकेट के फ्रंट पर षटकोण लाल निशान के साथ चेतावनी भी लिखी होगी। FSSAI ने इसी साल अगस्त में यह प्रस्ताव दिया था, जिस पर गुरुवार को सुनवाई में जस्टिस जेबी पार्डीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की बेंच ने यह फैसला सुनाया।
चैरिटेबल ट्रस्ट की जनहित याचिका पर एक्शन
दरअसल, 3S एंड अवर हेल्थ सोसाइटी नाम के एक पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाकर डिब्बा बंद या पैकेट वाले खाने पर अनिवार्य वार्निंग लेबल लगाने की मांग की थी। इस मामले में जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की बेंच ने पूछा था कि क्या सरकार नहीं चाहती कि उसके लोग स्वस्थ रहें? इसके बाद FSSAI ने यह हलफनामा देकर प्रस्ताव पेश किया है।
दो फेज में लागू करने का प्रस्ताव था
FSSAI ने इसे अलग-अलग फेज में लागू करने का प्रस्ताव दिया था, ताकि इंडस्ट्री को अपने प्रोडक्ट्स को सुधारने का मौका मिले।
फेज 1: उन प्रोडक्ट्स पर लाल लेबल लगेगा, जिनमें फैट, शुगर या साल्ट में से कोई भी ‘दो या दो से अधिक’ चीजें तय सीमा से ज्यादा होंगी। इसमें सभी अधिक मीठी कोल्ड ड्रिंक्स भी शामिल होंगी।
फेज 2: यह नियम उन प्रोडक्ट्स पर भी लागू हो जाएगा, जिनमें इनमें से कोई ‘एक’ चीज भी ज्यादा मात्रा में होगी।






