spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

अपनी पार्टी की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए

 – बावनकुले ने उद्धव ठाकरे पर साधा निशाना

नागपुर :- महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने शिवसेना (उद्धव गुट) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के राजनीतिक भविष्य की चिंता करने के बजाय अपनी पार्टी की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे को आत्ममंथन करना चाहिए कि उनके नेता और कार्यकर्ता लगातार पार्टी क्यों छोड़ रहे हैं। नागपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बावनकुले ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एक परिपक्व, विकासोन्मुख और बहुआयामी नेता हैं, जिनमें महाराष्ट्र को विकसित राज्य बनाने की क्षमता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भी उन पर पूरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि फडणवीस का राजनीतिक भविष्य सुरक्षित है और महाराष्ट्र को वर्ष 2034 तक उनके नेतृत्व की आवश्यकता है।

कांग्रेस ने उद्धव ठाकरे की राजनीति कमजोर की : बावनकुले ने कहा कि भाजपा ने अपना राष्ट्रीय अस्तित्व हिंदुत्व के विचारों पर खड़ा किया है और पार्टी सत्ता या पैसे के लिए नहीं, बल्कि विचारधारा के लिए काम करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्धव ठाकरे ने अपने विचार कांग्रेस के साथ जोड़ दिए हैं और कांग्रेस ने ही उनकी पार्टी को कमजोर करने का काम किया है। अब उनके पास भाजपा की आलोचना करने के अलावा कुछ नहीं बचा है।

उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे केवल मन में मौजूद नाराजगी और राजनीतिक भय के कारण भाजपा पर लगातार हमला कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि हिंदू हृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा को आगे बढ़ाने का जनादेश जनता ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को दिया है।

288 विधानसभा क्षेत्रों में चलेगा ‘छत्रपति शिवाजी महाराज राजस्व अभियान’ : मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के 22 जुलाई को होने वाले जन्मदिन के अवसर पर राजस्व विभाग की ओर से राज्य के सभी 288 विधानसभा क्षेत्रों में ‘छत्रपति शिवाजी महाराज राजस्व अभियान’ चलाया जाएगा। इसके तहत सेवा गारंटी कानून के अंतर्गत मिलने वाली विभिन्न राजस्व सेवाएं नागरिकों के घर-घर पहुंचाई जाएंगी।

अभियान में किसानों के लिए खेत की सड़कें, वृक्षारोपण, राजस्व विभाग की विभिन्न सेवाएं और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। राज्य के सभी मंत्री, पालकमंत्री और विधायक इसमें भाग लेंगे। सरकार का लक्ष्य एक ही दिन में करीब 10 लाख परिवारों तक राजस्व सेवाएं पहुंचाने का है।

बलिराजा पांदन सड़क योजना को मिलेगी रफ्तार : बावनकुले ने बताया कि मुख्यमंत्री बलीराजा पांदण सड़क योजना के तहत अगले चार से पांच वर्षों में राज्य की प्रमुख पांदण सड़कों यानी खेत की सड़कों का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अंतर्गत खेत और आवागमन मार्गों से अतिक्रमण हटाना, सड़कें पुनर्स्थापित करना, दोनों ओर वृक्षारोपण कर सीमांकन करना और सड़कों को क्रमांकित करने का काम चल रहा है।

उन्होंने बताया कि इस योजना के लिए राज्य सरकार ने 1,000 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। जिला नियोजन समिति और माइनिंग फंड से भी बड़े पैमाने पर सड़क निर्माण कार्य किए जा रहे हैं।

किसानों को ऋण नहीं देने वाली बैंकों को चेतावनी

भ्रष्ट अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई : राजस्व मंत्री ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी कुछ अधिकारी प्रभाव बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं। भ्रष्टाचार से जुड़ी करीब 140 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। ऐसे अधिकारियों के खिलाफ केंद्रीय और राज्य स्तरीय एजेंसियों के माध्यम से कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी।

किसानों को ऋण नहीं देने वाली बैंकों को चेतावनी : बावनकुले ने कहा कि किसानों को फसल ऋण देने में टालमटोल करने वाली निजी बैंकों के खिलाफ सरकार सख्त रुख अपनाएगी। जरूरत पड़ने पर ऐसी बैंकों के सरकारी खाते बंद करने का निर्णय लिया जाएगा। जिलाधिकारियों द्वारा निर्धारित ऋण वितरण लक्ष्य पूरा नहीं करने वाली बैंकों को अंतिम अवसर दिया गया है। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि किसानों को किसी प्रकार की मानसिक परेशानी न हो।

Popular Articles