spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

आपली बस कर्मचारियों की मांगें हुईं मंजूर

– शिवसेना की मेहनत रंग लाई, मनाया जश्‍न

नागपुर :- महानगरपालिका द्वारा संचालित आपली बस सेवा के कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर पिछले लगभग दो वर्षों से जिला ड्राइवर संगठन द्वारा लगातार पत्राचार, आवेदन एवं प्रतिवेदन के माध्यम से संघर्ष किया जा रहा था। अंतत: शुक्रवार को मनपा के साथ हुई महत्‍वपूर्ण बैठक में उनकी मांगे मंजूर कर ली गई, जिससे कर्मचारियों में खुशी का माहौल है।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में न्यूनतम वेतन, एचआरए, पीएलयू, कंडक्टरों के लिए 26 दिनों की ड्यूटी व्यवस्था, मैकेनिक एवं सहायक कर्मचारियों का न्यूनतम वेतन, गणवेश तथा अन्य सेवा संबंधी मांगें शामिल थीं। किंतु, लंबे समय तक इन मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जा रहा था। इसी के विरोध में 15 जुलाई को शिवसेना के नितिन तिवारी के नेतृत्व में नागपुर जिला ड्राइवर संगठन द्वारा कामबंद आंदोलन किया गया। आंदोलन के दौरान शहर के हिंगना, वाठोडा एवं मोरभवन तीनों बस डिपो में आपली बस सेवा पूरी तरह प्रभावित रही तथा 700 से अधिक बसों का संचालन बंद रहा। आंदोलन के बाद नागपुर महानगरपालिका प्रशासन द्वारा कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया गया था। इसी क्रम में शुक्रवार को मनपा मुख्यालय में मनपा अधिकारियों, शिवसेना नेता, यूनियन पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नागपुर महानगरपालिका प्रशासन ने कर्मचारियों की न्यूनतम वेतन, एचआरए, पीएल लीव , 26 दिनों की ड्यूटी, मैकेनिक एवं एंसीलेरी स्टाफ के वेतन, गणवेश सहित सभी प्रमुख मांगों को स्वीकार करने का निर्णय लिया। इस अवसर पर मुन्ना तिवारी, अब्बास अली, गायत्री वैद्य, आशीष हाडगे, ललित भावनकर, मुकेश सूर्यवंशी, तोरेन हिरोंदे, कार्तिक करोसिया उपस्थित थे।

Popular Articles