नागपुर :- खापरखेड़ा थाना क्षेत्र में आने वाली बिना संगम नदी में रविवार देर शाम तैरने गये युवक की डूबने से मौत हो गई. सोमवार को मृतक का शव नदी में तैरता हुआ पाया गया. मृतक पिपरवाणी, जिला सिवनी (मध्य प्रदेश) निवासी राहुल सियाराम जामूनपाने (25) बताया गया. वह काम के सिलसिले में एक सप्ताह पहले नागपुर अपने मित्र के साथ आया था. सूत्रों के मुताबिक शराब की वजह से उसके फेफड़े खराब हो चुके थे. उसका नागपुर के एम्स अस्पताल में उपचार भी चल रहा था. रविवार शाम 5-6 बजे के बीच वह बिना संगम नदी के पास आया और तैरने के इरादे से पानी में उतर गया. नदी की गहराई का अंदाजा नहीं होने से वह डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई. सोमवार को सुबह स्थानीय लोगों को लाश पानी में तैरती हुई दिखाई दी. तुरंत खापरखेड़ा पुलिस और समाजसेवी हितेश बंसोड को इसकी जानकारी दी गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बंसोड और उनके कार्यकर्ताओं की मदद से शव को बाहर निकाला गया.








