अमरावती :- शिरखेड़ पुलिस ने मंगलवार को मोर्शी रोड पर गुटखा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दिल्ली से अमरावती भेजा जा रहा अवैध गुटखा और सुगंधित तंबाकू से भरा कंटेनर जब्त किया। पुलिस ने घटनास्थल से कंटेनर चालक को गिरफ्तार किया, जबकि शहर के तीन सप्लायरों की तलाश तेज कर दी है। जब्त किए गए गुटखा, तंबाकू और कंटेनर की कुल कीमत 1 करोड़ 22 लाख 35 हजार रुपए आंकी गई है। इसमें गुटखा 77 लाख 35 हजार रुपए का है। कंटेनर से गुटखा खेप पकड़े जाने की तीन दिन में यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। नाकाबंदी में कंटेनर पकड़ा गया. 10 नवंबर को शिरखेड़ पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दिल्ली से गुटखा लदा कंटेनर अमरावती की ओर आ रहा है। एपीआई ईश्वर वर्गे के मार्गदर्शन में मोर्शी रोड पर शिरखेड फाटे के पास नाकाबंदी की गई। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध आरजे-14-जीएल-0020 नंबर का 10-चक्का कंटेनर रोका और चालक राहुल भब्बल (निवासी-गवालदा, तिजारा, अलवर, राजस्थान) को हिरासत में लिया। पूछताछ में चालक ने कंटेनर में गुटखा होने की बात स्वीकार की।








