नागपुर :- जरीपटका थाना क्षेत्र के विजय नगर, नारा में चोरों ने एक बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण समेत कुल 1.42 लाख रुपये का माल चुरा लिया। वारदात प्लॉट नंबर 91 में रहने वाली श्यामला अरविंद टेंभुरकर (62) के घर में हुई। घटना के समय वह परिवार के साथ मानकापुर में अपनी ननद के घर गई थीं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, श्यामला टेंभुरकर 15 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 बजे अपने घर पर ताला लगाकर परिवार के साथ मानकापुर गई थीं। इस दौरान किसी अज्ञात चोर ने उनके घर के दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। आरोपी ने घर की अलमारी में रखे 7 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के विभिन्न आभूषण चोरी कर लिए। चोरी गए माल की कुल कीमत करीब 1 लाख 42 हजार रुपये बताई गई है। 16 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे के बाद घटना का पता चलने पर महिला ने जरीपटका पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305, 331(3) और 331(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और आगे की जांच जारी है।








