नागपुर :- हुड़केश्वर पुलिस ने बेसा पावर हाउस के पीछे म्हालगी नगर नाले के पास एक टिन के शेड में छापा मारकर गांजा रखने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्लॉट नंबर 75, म्हालगी नगर, हुड़केश्वर, नागपुर निवासी शेख शाहरुख शेख इस्राइल (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 930 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत 9,300 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को रात करीब 10.10 बजे हुड़केश्वर पुलिस को गांजा रखे जाने की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में बेसा पावर हाउस के पीछे म्हालगी नगर नाले के पास स्थित टिन के शेड में छापा मारा। वहां एक युवक कपड़े की थैली के साथ मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम शेख शाहरुख शेख इस्राइल बताया। पुलिस ने युवक के पास मौजूद थैली की तलाशी ली तो उसमें 930 ग्राम गांजा मिला। पुलिस के अनुसार, आरोपी आर्थिक लाभ के लिए गांजा बिक्री के उद्देश्य से अपने पास रखे हुए था। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में हुड़केश्वर पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8(सी) और 20(बी)(ii)(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।








