– सरपंच हर्ष मोदी के प्रयासों से बड़ा निर्णय
यासीन शेख, गोंदिया :- तहसील के ग्राम पंचायत सौंदड में हाल ही में आयोजित विशेष मासिक बैठक में सरपंच हर्ष विनोदकुमार मोदी की अध्यक्षता में लगभग 1 करोड़ 47 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों को मंजूरी प्रदान की गई। इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संचालित किया गया, जिसकी चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।
गोंदिया जिले के इतिहास में पहली बार ग्राम पंचायत स्तर पर इतने बड़े पैमाने पर ऑफलाइन ओपन टेंडर प्रक्रिया को पारदर्शी ढंग से लागू किया गया। सरपंच हर्ष मोदी के नेतृत्व में इस प्रक्रिया में पारदर्शिता, प्रतिस्पर्धा और ईमानदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। इस निविदा प्रक्रिया में लगभग 33 से 35 ठेकेदारों ने भाग लिया, जिससे प्रतिस्पर्धा का माहौल बना। जानकारी के अनुसार निविदाएं लगभग 37 प्रतिशत तक कम दर (बिलो) पर गईं, जो ग्राम पंचायत स्तर पर एक उल्लेखनीय और ऐतिहासिक पहल मानी जा रही है।
मंजूर किए गए विकास कार्यों में 15वां वित्त आयोग, “माझी वसुंधरा” अभियान, ग्राम निधि, पेयजल आपूर्ति योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं को शामिल किया गया है। इसके अलावा पूर्व में स्वीकृत लगभग 3 से 3.5 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन भी जल्द किए जाने की संभावना है।
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष लायकराम भंडारकर, विधायक राजकुमार बडोले तथा परिणय फुके की उपस्थिति की संभावना जताई जा रही है।
सरपंच पद संभालने के बाद हर्ष मोदी ने ग्राम पंचायत में पारदर्शिता लाने और शासन की विभिन्न योजनाओं को प्रत्येक घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया है। ग्राम पंचायत में बालसभा, वार्ड सभा, ग्राम सभा और विशेष ग्राम सभाओं का नियमित आयोजन किया जा रहा है, जिससे प्रशासन अधिक जनहितैषी और जवाबदेह बन रहा है। इन प्रयासों के चलते नागरिकों के कार्य समय पर पूर्ण हो रहे हैं और अनावश्यक विलंब पर भी नियंत्रण पाया गया है।








