– नागपुर में दिनदहाड़े कत्ल, वीआईपी कार्यक्रम के कुछ घंटे बाद वारदात
नागपुर :- शहर के कपिल नगर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर महज 10 रुपये की चाय के पैसे को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। सहारे पेट्रोल पंप के पास एक चाय विक्रेता ने कथित तौर पर ग्राहक के गले पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।घटना को और भी संवेदनशील इसलिए माना जा रहा है क्योंकि इसी स्थान पर कुछ घंटे पहले ही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी एक सरकारी कार्यक्रम में शामिल हुए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उसी स्थान पर हुई हत्या ने लोगों को स्तब्ध कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मनोज विश्वनाथ यादव के रूप में हुई है। वह डेकोरेशन सामग्री ढोने वाला वाहन चलाकर जीविका चलाता था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चाय के 10 रुपये के भुगतान को लेकर उसका चाय विक्रेता कैलाश गणवीर से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई और आरोपी ने कथित रूप से चाकू निकालकर मनोज के गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल मनोज की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात रविवार शाम करीब चार बजे हुई। सूचना मिलते ही कपिल नगर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को कुछ ही देर में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।
कुछ घंटे पहले हुआ था वीआईपी कार्यक्रम
रविवार को इसी स्थान पर नागपुर महानगरपालिका की ओर से सुदर्शन समाज के लिए आवास योजना के भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे। कार्यक्रम समाप्त होने के कुछ ही घंटों बाद उसी स्थान पर हुई हत्या ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी।




