– अजय देवगन की ‘गोलमाल 5’ को लेकर मची होड़
बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन और डायरेक्टर रोहित शेट्टी अपनी पॉपुलर कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल 5’ के जरिए एक साथ वापस आ रहे हैं. 8 जनवरी 2027 को ये फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. अजय के साथ इस बार अक्षय कुमार भी फिल्म का हिस्सा हैं. इस फ्रेंचाइजी का अच्छा-खासा फैन बेस है. ऐसे में रिलीज से पहले ही इस फिल्म के पास 100 करोड़ रुपये कमाने का मौका है.
बताया जा रहा है कि ‘गोलमाल 5’ के ऑल इंडिया डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स हासिल करने के लिए डिस्ट्रीब्यूटर्स के बीच होड़ मची हुई है. कई बड़ी कंपनियों राइट्स हासिल करने के लिए 100 करोड़ से ज्यादा देने को तैयार हैं. बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट की मानें तो PVR INOX पिक्चर्स, पेन मारुधर, पैनोरमा स्टूडियोज और जियो स्टूडियोज जैसी कंपनियां ‘गोलमाल 5’ के डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स हासिल करना चाहती हैं.
पिछली फिल्मों की वजह से 100 करोड़ का ऑफर
रिपोर्ट में ये भी कहा गया कि अनन्या बिरला की कंपनी बिरला स्टूडियोज भी इस रेस में है. दरअसल, इस फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म किया है. ऐसे में उम्मीद लगाई जा रही है कि ‘गोलमाल 5’ भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कलेक्शन कर सकती है. इसलिए ये कंपनियां इसके राइट्स हासिल करना चाहती हैं और 100 करोड़ रुपये से ज्यादा रकम देने को तैयार हैं. फिलहाल किसी भी कंपनी से डील नहीं हुई है. देखना होगा कि डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स किस कंपनी के नाम होता है. रोहित शेट्टी इस फिल्म में अजय देवगन के साथ-साथ फ्रेंचाइजी की ओरिजिनल कास्ट को भी वापस लेकर आए हैं. अरशद वारसी, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, शरमन जोशी जैसे बड़े एक्टर्स भी एक बार फिर से एक साथ लोगों को हंसाने के लिए आ रहे हैं. अक्षय कुमार इसमें पहली बार नजर आएंगे.
क्या होगा अक्षय कुमार का रोल?
रिपोर्ट की मानें तो अक्षय कुमार ‘गोलमाल 5’ में नेगेटिव रोल में नजर आने वाले हैं. हालांकि, उनका रोल कोई खतरनाक विलेन का नहीं होगा, बल्कि ह्यूमर से जुड़ा होगा. कहानी को और मजेदार बनाने और फिल्म को एक अलग लेवल पर ले जाने के लिए ही रोहित शेट्टी ने उन्हें इस फ्रेंचाइजी में शामिल किया है. वो अजय देवगन और उनके ग्रुप से फिल्म में भिड़ते दिखेंगे.






