– थाने और सांसद के घर में लगाई आग, गोपालगंज-फरीदपुर में तनाव के बाद सेना तैनात
ढाका :- बांग्लादेश में एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज और पड़ोसी फरीदपुर में मंगलवार रात तनाव की स्थिति निर्माण हो गई। फरीदपुर के भांगा इलाके में हुई झड़प के दौरान बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के स्थानीय नेता राजू मोल्लाह की हत्या कर दी गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने एक पुलिस थाने और सांसद के आवास को आग के हवाले कर दिया। कई अन्य स्थानों पर भी तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं।
जानकारी के अनुसार, गोपालगंज के तुंगीपाड़ा उपजिला में अवामी लीग के कुछ संदिग्ध समर्थकों की गिरफ्तारी के बाद तनाव शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और इसका असर पड़ोसी फरीदपुर जिले तक पहुंच गया। भांगा इलाके में पुलिस और अवामी लीग समर्थकों के बीच हुई झड़प में बीएनपी के स्थानीय किसान विंग से जुड़े नेता राजू मोल्लाह की मौत हो गई। हिंसा के दौरान उपद्रवियों ने एक पुलिस थाने और एक सांसद के घर में आग लगा दी। इसके अलावा बीएनपी के एक स्थानीय कार्यालय तथा कई मोटरसाइकिलों को भी जला दिया गया। गोपालगंज में बीएनपी सांसद एसएम जिलानी के आवास पर भी हमला किया गया। स्थिति बिगड़ने पर उनके परिवार के सदस्यों को वहां से सुरक्षित निकलना पड़ा।
ढाका में भी आगजनी और बमबाजी
हिंसा की घटनाएं राजधानी ढाका तक भी पहुंच गईं। अज्ञात हमलावरों ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में चार बसों को आग लगा दी। कई स्थानों पर बम विस्फोट भी किए गए। हालांकि, इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, हमलावरों पर कार्रवाई के निर्देश
लगातार बिगड़ती स्थिति को देखते हुए गोपालगंज और आसपास के संवेदनशील इलाकों में सेना तैनात कर दी गई है। वहीं, राजधानी ढाका सहित देश के अन्य हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने प्रमुख स्थानों पर जांच चौकियां स्थापित कर वाहनों की तलाशी तेज कर दी है।
गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने कहा कि हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रवक्ता कमरुन मुनीरा ने भी घटना की जानकारी दी। फिलहाल प्रभावित क्षेत्रों में तनाव बना हुआ है और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर रख रही हैं।






