– दिवाली के 16 दिनों में 548 करोड़ का राजस्व, परिवहन मंत्री ने जताया यात्रियों का आभार
नागपुर/ मुंबई :- दिवाली की छुट्टियों और त्योहार के बाद घर लौटने वाले यात्रियों ने महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन महामंडल (एसटी) की लालपरी को जमकर पसंद किया। इसका असर एसटी की कमाई पर भी दिखाई दिया। नवंबर के शुरुआती 16 दिनों में महामंडल ने 548 करोड़ 22 लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया। इस दौरान प्रतिदिन औसतन 34 करोड़ 25 लाख रुपये की कमाई हुई। सबसे खास बात यह रही कि 16 नवंबर को दिवाली की छुट्टियां समाप्त होने और वापसी के लिए यात्रियों की भारी भीड़ के चलते एसटी ने एक ही दिन में 46 करोड़ 53 लाख रुपये की रिकॉर्ड कमाई की।
एसटी महामंडल के अनुसार, अक्टूबर महीने में महिला सम्मान योजना के क्रियान्वयन में सख्ती और सूखे की परिस्थितियों के कारण राजस्व पर प्रतिकूल असर पड़ा था। हालांकि, नवंबर में दिवाली का त्योहार, लगातार छुट्टियां, यात्रियों की बढ़ती संख्या और महिला सम्मान योजना के नियमों में दी गई छूट से एसटी की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
किराये में बढ़ोतरी नहीं करने का मिला फायदा
इस बार दिवाली के दौरान एसटी महामंडल ने एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए भीड़ के सीजन में हर साल लागू की जाने वाली अस्थायी किराया वृद्धि को रद्द कर दिया था। इससे त्योहार के दौरान भी यात्रियों को सामान्य टिकट दरों पर सफर करने का अवसर मिला। निजी परिवहन सेवाओं की तुलना में सुरक्षित, भरोसेमंद और किफायती यात्रा का विकल्प होने के कारण एसटी को यात्रियों का अच्छा प्रतिसाद मिला।
मंत्री ने यात्रियों और कर्मचारियों का जताया आभार
एसटी की इस रिकॉर्ड उपलब्धि पर परिवहन मंत्री एवं एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने राज्य के सभी यात्रियों का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने त्योहार के दौरान लोगों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए दिन-रात मेहनत करने वाले महामंडल के अधिकारियों, कर्मचारियों, चालकों और वाहकों की भी सराहना की।
मंत्री सरनाईक ने कहा कि यात्रियों के विश्वास और एसटी कर्मचारियों की मेहनत के दम पर लालपरी ने महाराष्ट्र की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में अपनी अहमियत एक बार फिर साबित की है। दिवाली के दौरान मिला यह रिकॉर्ड प्रतिसाद एसटी के प्रति जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है।






