– राजस्थान का शातिर लुटेरा गुजरात जेल से गिरफ्तार
नागपुर :- नागपुर जिले के खापरखेड़ा पुलिस थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी को गोली मारकर 11 लाख 85 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूटने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने राजस्थान के कुख्यात अपराधी अशोक रमेश प्रजापति (30) को गुजरात की भुज-पालारा सेंट्रल जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था।
घटना 23 जुलाई 2026 की रात करीब 8:15 बजे की है। सावनेर तहसील के वलनी निवासी 35 वर्षीय सर्राफा व्यापारी मंगेश केशवरावजी मारोतकर दहेगांव स्थित अपनी महालक्ष्मी ज्वेलर्स दुकान बंद कर सोने-चांदी के गहने और नकदी लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान खापरखेड़ा थाना क्षेत्र के धनगिरी बाबा मंदिर के पास दुपहिया वाहन से पहुंचे तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने पिस्तौल की नोक पर व्यापारी को धमकाया। विरोध करने पर उन पर गोली चला दी, जिससे वे घायल हो गए। इसके बाद बदमाश करीब 11.85 लाख रुपये का माल लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद खापरखेड़ा पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। अपराधियों के वारदात करने के तरीके और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच के दौरान पुलिस को राजस्थान के धौलपुर निवासी अशोक प्रजापति पर संदेह हुआ। जांच में सामने आया कि आरोपी आदतन अपराधी है और वारदात से पहले खापरखेड़ा क्षेत्र में रह चुका था।
ब्लाइंड लूट की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने करीब 388 मोबाइल नंबरों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) का बारीकी से विश्लेषण किया। इसके बाद महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश और राजस्थान में आरोपियों की तलाश के लिए जाल बिछाया गया।
गुजरात की जेल में मिला आरोपी
जांच के दौरान पुलिस टीम राजस्थान के धौलपुर पहुंची। वहां से जानकारी मिली कि अशोक प्रजापति फायरिंग और डकैती के एक अन्य मामले में गुजरात की भुज-पालारा सेंट्रल जेल में बंद है। इसके बाद नागपुर पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर प्रोडक्शन वारंट के जरिए उसे जेल से हिरासत में लिया और नागपुर लाया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर सर्राफा व्यापारी से लूट की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। अब पुलिस उसके फरार साथियों की तलाश और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।






