– 1 दिसंबर से लागू होगी अभय योजना, पुराने और नए चालानों पर मिलेगी राहत
नागपुर :- महाराष्ट्र में ट्रैफिक चालान का भुगतान करने वाले वाहन चालकों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने बकाया ट्रैफिक चालानों के निपटारे के लिए ‘महाराष्ट्र ट्रैफिक पुलिस चालान अभय योजना-2026’ लागू करने का निर्णय लिया है। इस योजना के तहत पात्र चालानों की समझौता राशि पर वाहन चालकों को 20 प्रतिशत की छूट मिलेगी। यह योजना 1 दिसंबर 2026 से लागू होगी और दो चरणों में संचालित की जाएगी।
योजना के पहले चरण में 21 जनवरी 2026 से 30 नवंबर 2026 के बीच जारी किए गए पात्र ट्रैफिक चालानों को शामिल किया गया है। ऐसे चालान, जिनकी राशि योजना लागू होने तक बकाया रहेगी, उनके निपटारे के लिए निर्धारित समझौता राशि पर 20 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इससे लंबे समय से बकाया चालानों का भुगतान करने वाले वाहन मालिकों को आर्थिक राहत मिलेगी। वहीं, योजना के दूसरे चरण में 1 दिसंबर 2026 से 30 नवंबर 2027 तक जारी होने वाले पात्र ट्रैफिक चालानों पर छूट का लाभ दिया जाएगा। इसके लिए वाहन चालक या पंजीकृत वाहन मालिक को चालान जारी होने की तारीख से 45 दिनों के भीतर भुगतान करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समयसीमा में भुगतान करने पर समझौता राशि में 20 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
सरकार की इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुराने ट्रैफिक चालानों का निपटारा करना और चालान की बकाया राशि कम करना है। साथ ही वाहन चालकों को समय पर जुर्माना भरने के लिए प्रोत्साहित करना भी योजना का उद्देश्य है। हालांकि, यह छूट केवल योजना में निर्धारित पात्र चालानों पर ही लागू होगी। इसलिए वाहन चालकों को भुगतान करने से पहले अपने चालान की पात्रता और योजना से संबंधित आधिकारिक दिशा-निर्देशों की जानकारी लेना जरूरी होगा।






