– पांच लाख रुपये की नकदी बरामद, दो आरोपी न्यायिक हिरासत में
नागपुर/खापरखेड़ा :- एनटीपीसी मौदा बिजली परियोजना में ठेके पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये ऐंठने वाले गिरोह का मामला अब गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। इस मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों में से दो को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी बलवंत साठवणे की पुलिस हिरासत दो दिन के लिए बढ़ा दी गई है। पुलिस ने जांच के दौरान पांच लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार मौदा तहसील के नंदापुरी निवासी मंथन प्रकाश मलेवार (23) ने 23 नवंबर को मौदा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, दाबा, जिला भंडारा निवासी बलवंत विलास साठवणे (34) ने निलज खंडाला, तह. पारशिवनी निवासी मुकेश मोरेश्वर धावडे (35) तथा खापरखेड़ा, तह. सावनेर निवासी नंदकिशोर भीमराव गायकवाड़ (44) के साथ मिलकर एनटीपीसी में ठेके पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। आरोपियों के झांसे में आकर शिकायतकर्ता सहित कुल 12 लोगों ने नकद और ऑनलाइन माध्यम से उन्हें पैसे दिए। इस तरह आरोपियों ने कुल 10 लाख 75 हजार रुपये की रकम वसूल की। शिकायत के आधार पर मौदा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2), 318(4) और 61(1)(अ) के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद अदालत ने आरोपियों को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा था। पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने पर शुक्रवार, 27 नवंबर को तीनों आरोपियों को दोबारा अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के बाद मुकेश धावडे और नंदकिशोर गायकवाड़ को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया, जबकि मुख्य आरोपी बलवंत साठवणे को 30 नवंबर तक पुलिस हिरासत में रखने के निर्देश दिए गए।
मामले में आर्थिक लेन-देन और ठगी की रकम का पता लगाने के दौरान पुलिस ने पांच लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। शेष रकम के लेन-देन की जानकारी जुटाने के लिए जांच जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान इस गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा हो सकता है।






