– पुलिस ने कॉलर पर दर्ज किया मामला
नागपुर :- डायल 112 पर बार-बार फोन कर भाई द्वारा मारपीट और हत्या का प्रयास करने की झूठी सूचना देने वाले व्यक्ति के खिलाफ हुडकेश्वर पुलिस ने कार्रवाई की है। आरोपी श्रीकृष्णनगर निवासी श्याम भाऊराव जानोरकर (40) बताया गया। उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 217 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर की रात करीब 8 बजे श्याम ने डायल 112 पर लगातार 7 से 8 बार फोन किया। उसने पुलिस को बताया कि उसके भाई ने उसके साथ मारपीट कर जान से मारने का प्रयास किया है। सूचना मिलते ही ड्यूटी अधिकारी पीएसआई प्रवीण वाकले अपने सहयोगी रवींद्र वंजारी, आशीष दुबे और बीट मार्शल सोमेश्वर बुलबुले मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कॉलर से घटना के संबंध में पूछताछ की लेकिन वह संतोषजनक जवाब देने के बजाय टालमटोल करता रहा। जांच के दौरान पुलिस के सामने आया कि ऐसी कोई घटना हुई ही नहीं थी। श्याम जानबूझकर झूठी और भ्रामक सूचना देकर पुलिस को गुमराह कर रहा था। थानेदार अनामिका मिर्जापुरे ने उसके खिलाफ मामला दर्ज करने का आदेश दिया।





