नागपुर, प्रतिनिधि :- नागपुर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हर्ष ए. पोद्दार, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल म्हस्के तथा रामटेक के उपविभागीय पुलिस अधिकारी रमेश बरकते के मार्गदर्शन में देवलापार पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 125.665 किलोग्राम गांजा और उसकी तस्करी में प्रयुक्त एक कार सहित कुल 35 लाख 13 हजार 300 रुपये का माल जब्त किया है।
देवलापार पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी एवं पुलिस निरीक्षक नारायण तुरकुंडे के नेतृत्व में 26 जून 2026 को पुराने देवलापार पुलिस स्टेशन के सामने अवैध धंधों के खिलाफ विशेष नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान पुलिस को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार के माध्यम से गांजे की तस्करी की जाने वाली है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया। रात करीब 2:10 बजे एक सिल्वर रंग की संदिग्ध कार नाकाबंदी की ओर आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने कुछ दूरी पहले ही वाहन मोड़ लिया और जबलपुर की दिशा में तेज गति से भागने लगा। पुलिस ने तत्काल उसका पीछा किया।
भागते हुए आरोपी ने मानेगांव टेक के पास कार सड़क किनारे खड़ी कर लॉक कर दी और अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया। पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में कार का लॉक तोड़कर तलाशी ली। कार की डिक्की से कुल 126 पैकेट बरामद हुए, जिनमें 125.665 किलोग्राम गांजा मिला।
पुलिस ने जब्त गांजे की कीमत 25 लाख 13 हजार 300 रुपये तथा तस्करी में प्रयुक्त होंडा सिटी कार (क्रमांक यूपी-16 एपी-2043) की कीमत 10 लाख रुपये आंकी है। इस प्रकार कुल 35 लाख 13 हजार 300 रुपये का माल जब्त किया गया।
इस मामले में देवलापार पुलिस स्टेशन में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8(क) एवं 20(ब)(ii)(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है तथा नागपुर ग्रामीण पुलिस साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।




