– नागपुरवासियों ने लगाई मदद की गुहार…
– ‘साहब हमें घर वापस आना है’
नागपुर :- ईरान-इजराइल जंग के साए में शहर के 19 नागरिक खाड़ी देशों में फंसे हुए हैं। इनमें महिलाओं की संख्या अधिक है। उन्होंने मदद के लिए जिला प्रशासन से गुहार लगाई है। प्रशासन ने यात्रियों से संपर्क किया और 8 मार्च तक विशेष विमान के जरिए उनकी वापसी की तैयारी शुरू कर दी है।
5 परिवार के सदस्य फंसे
फंसे हुए 19 यात्रियों में 5 परिवार शामिल हैं। इनमें 8 पुरुष और 11 महिलाएं हैं, जिनमें कुछ छोटे बच्चे भी हैं। अबुधाबी में 4, बहरीन में 4 और दुबई में 11 लोग फंसे हुए हैं। सभी लोग बेसा, कामठी, मनीष नगर और जाफरनगर सहित नागपुर के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं।
8 मार्च पर टिकी उम्मीद
नागरिकों ने नागपुर जिला प्रशासन से संपर्क किया। प्रशासन ने राज्य व केंद्र सरकार और संबंधित भारतीय दूतावासों को पूरी जानकारी भेजी है। प्रशासन का कहना है कि 8 मार्च तक सभी नागरिकों की सुरक्षित वतन वापसी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
यात्रियों से संपर्क में है
मध्य-पूर्व में फंसे सभी 19 नागरिकों की लोकेशन और स्थिति की जानकारी जुटाकर राज्य और केंद्र सरकार के साथ साझा की गई है। संबंधित भारतीय दूतावासों से भी समन्वय किया जा रहा है। 8 मार्च तक सभी को सुरक्षित नागपुर लाने की तैयारी है।
अब पैसे भी खत्म
हम पिछले कुछ दिनों से होटल में रुके हुए हैं। अब पैसे भी खत्म होने लगे हैं। हमें बस जल्द से जल्द अपने घर नागपुर लौटना है।
प्रशासन से उम्मीद
शुरुआत में लगा था कि जल्दी वापसी हो जाएगी, लेकिन अब हालात गंभीर हो गए हैं। उम्मीद है कि जल्द हमारी सुरक्षित वापसी कराई जाएगी।




