– तेज हवाओं और बारिश से बिगड़ा मौसम
नागपुर :- खराब मौसम की वजह से शनिवार देर रात दिल्ली और हैदराबाद से रायपुर जा रहीं 2 फ्लाइट को नागपुर एयरपोर्ट डायवर्ट करना पड़ा. यहां एयरपोर्ट पर किसी तरह की सुविधा नहीं मिलने से यात्रियों ने जमकर हंगामा किया. जानकारी के अनुसार एयर इंडिया की विस्तारा फ्लाइट एआई-1718 दिल्ली से रायपुर जा रही थी. फ्लाइट अपने तय समय रात 8 बजे रायपुर के आसमान में पहुंच गई थी लेकिन तेज हवा और बारिश के कारण वह लैंड नहीं कर सकी. इसे देखते हुए फ्लाइट को नागपुर के लिए डायवर्ट कर दिया गया. वहीं हैदराबाद से रायपुर जा रही इंडिगो की फ्लाइट क्रमांक 6ई-7554 भी लैंड नहीं कर सकी. विमान देर रात तक एयरपोर्ट पर ही खड़े रहे. एयरपोर्ट पर यात्रियों को किसी तरह की सुविधाएं नहीं मिलने से उन्होंने जमकर हंगामा किया.
बताया जाता है कि इंडिगो ने अपने यात्रियों को भेजने के लिए बस की व्यवस्था की. विस्तारा के यात्रियों को देर रात तक आगे की यात्रा को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली. इसके चलते एयरपोर्ट पर यात्रियों और कर्मचारियों के बीच काफी बहस भी हुई. यात्रियों के बढ़ते विरोध के बाद एयरलाइन ने रायपुर भेजने के लिए कैब की व्यवस्था करने का निर्णय लिया. इसके चलते देर रात तक नागपुर एयरपोर्ट पर गहमा-गहमी चलती रही.
एयर इंडिया ने नागपुर से मुंबई और मुंबई से नागपुर के बीच संचालित होने वाली अपनी सुबह और शाम की दोनों नियमित उड़ानों को 1 जून से 31 जुलाई तक रद्द कर दिया है. एयरलाइन के इस फैसले से नियमित यात्रियों, व्यापारियों तथा नौकरीपेशा लोगों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. प्राप्त जानकारी के अनुसार इन दोनों उड़ानों के माध्यम से प्रति दिन बड़ी संख्या में यात्री नागपुर और मुंबई के बीच आवागमन करते थे. विशेष रूप से व्यावसायिक कार्य, चिकित्सा सेवाओं, शिक्षा तथा कनेक्टिंग अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को अब वैकल्पिक व्यवस्था तलाशनी होगी. उड़ानों के रद्द होने से आगामी 2 महीनों में हवाई किराये पर भी असर पड़ सकता है. वहीं इंडिगो भी अपना शेड्यूल जारी करेगी.



