spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

इंदौर में पाइपलाइन फटने से मची तबाही

– तेज धमाके के साथ 150 फीट ऊंचा उठा पानी का फव्वारा

इंदौर :- मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के महू क्षेत्र क्षेत्र स्थित भेरूघाट के पास रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया. यहां नर्मदा-क्षिप्रा परियोजना की मुख्य पाइपलाइन अचानक तेज धमाके के साथ फट गई. अत्यधिक दबाव के कारण पानी का करीब 150 फीट ऊंचा फव्वारा आसमान की ओर उठने लगा, जो पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइनों को छू रहा था. इस भयावह दृश्य से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया. यह घटना सुबह करीब 7:30 बजे की है. पाइपलाइन फटने के कुछ ही मिनटों के भीतर लाखों लीटर पानी तेज बहाव के साथ आस-पास की रिहायशी बस्ती में घुस गया. पानी का वेग इतना तेज था कि वन विभाग की रोपणी में रहने वाले चौकीदार रमेश कोहली का पूरा कच्चा मकान और उसमें रखा सामान ताश के पत्तों की तरह बह गया. इसके अलावा, भेरू बाबा मंदिर के पास स्थित एक ढाबे का टीन शेड भी क्षतिग्रस्त हो गया.

एक घंटे तक चला तांडव, पत्थरों की हुई बौछार : प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पानी के भारी दबाव के कारण जमीन के अंदर से बड़े-बड़े पत्थर भी उछलकर लोगों के घरों और छतों पर गिरने लगे, जिससे कई मकानों के टीन शेड टूट गए. दर्जनों घरों में पानी भर जाने से राशन, फर्नीचर और कपड़े बह गए, जिससे ग्रामीणों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. सुबह करीब 8:30 बजे जब ओंकारेश्वर से आ रही वाटर सप्लाई बंद की गई, तब जाकर पानी का यह तांडव थमा.

स्थानीय निवासियों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन में पिछले कई दिनों से लीकेज हो रहा था, जिसकी शिकायत भी की गई थी. यदि समय रहते मरम्मत कर दी जाती, तो इस हादसे को टाला जा सकता था.

Popular Articles