गोंदिया :- अर्जुनी मोरगांव तहसील के पिंपलगांव-खांबी गांव में तेंदुआ दिखाई देने से हड़कंप मच गया. स्कूल परिसर और कई घरों के आसपास घूम रहे तेंदुए की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. तीन घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग ने तेंदुए को सुरक्षित पकड़कर पिंजरे में कैद कर लिया. जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 5.30 बजे कुछ ग्रामीणों ने गांव के स्कूल परिसर में एक तेंदुए को देखा. तेंदुए को देखते ही लोगों में दहशत फैल गई और वे शोर मचाते हुए वहां से दूर भाग गए. कुछ समय बाद पता चला कि तेंदुआ लांजेवार के घर में घुस गया है. परिवार के सदस्यों ने तत्काल घर के दरवाजे बंद कर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित की. तेंदुए की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, लेकिन भीड़ का फायदा उठाकर तेंदुआ वहां से निकल भागा. इसके बाद तेंदुए को बोरकर के घर के पास शौचालय क्षेत्र में देखा गया. वन विभाग की टीम ने तत्काल क्षेत्र की घेराबंदी कर रेस्क्यू शुरू किया. बाद में तेंदुआ मेश्राम के घर के पास स्थित एक जर्जर मकान में दिखाई दिया, लेकिन वहां से भी वह निकलने में सफल रहा.








