– मनपा बाजार विभाग की कार्रवाई, राशि जमा नहीं करने पर शिकंजा
नागपुर :- महानगरपालिका के बाजार विभाग ने बकाया उपयोग शुल्क की वसूली के लिए कार्रवाई करते हुए मस्कासाथ स्थित विभिन्न शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की चार दुकानों को जब्त कर सील कर दिया है। इन दुकानों पर वर्ष 2018 से 2026 तक कुल 29 लाख 6 हजार 464 रुपये का उपयोग शुल्क बकाया था।
मनपा बाजार विभाग ने 25 अगस्त को मस्कासाथ टीबी कॉम्प्लेक्स-1 की दुकान क्रमांक 16 और 19, मस्कासाथ शॉपिंग कॉम्प्लेक्स-2 की दुकान क्रमांक 1/बी तथा दाजी कॉम्प्लेक्स-3 की दुकान क्रमांक 11 के प्रथम एवं द्वितीय तल को जब्त किया। मनपा प्रशासन के अनुसार, संबंधित दुकानदारों पर लंबे समय से उपयोग शुल्क की राशि बकाया थी। बार-बार सूचना दिए जाने के बावजूद बकाया राशि जमा नहीं करने पर बाजार विभाग ने नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की।
यह कार्रवाई मनपा उपायुक्त (संपत्ति) मंगेश खवले के मार्गदर्शन और बाजार अधीक्षक महेंद्र बोबडे के नियंत्रण में की गई। कार्रवाई में बाजार विभाग के निरीक्षक विप्लव धवने, कपिल ठाकरे, मोहम्मद शाहिद, भूषण बावनकर, रोशन उईके, नाना वाट और संदीप चांदुरकर शामिल रहे। मनपा बाजार विभाग ने स्पष्ट किया है कि बकाया उपयोग शुल्क की वसूली के लिए अभियान तेज किया गया है। लंबे समय से शुल्क जमा नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।





