spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

शेयर मार्केटिंग के नाम पर व्यापारी से 3.44. करोड़ ठगे

– गाडगेनगर पुलिस थाने में अपराध दर्ज मामला साइबर पुलिस को सौंपा

अमरावती :- शेयर मार्केट में कम समय में अधिक मुनाफे का झांसा देकर ठगों ने अमरावती के एक व्यापारी से 3 करोड़ 44 लाख रुपए से अधिक की ठगी की। शुरुआत में मुनाफे की रकम खाते में डाल कर भरोसा जीता गया और बाद में पूरा नेटवर्क समेट कर ठग ऑफलाइन हो गए। पीड़ित की शिकायत पर गाडगेनगर पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामला शहर साइबर पुलिस को सौंप दिया है। शिकायतकर्ता का नाम रविकांत लक्ष्मीनारायण झंवर (मांगीलाल प्लॉट) है। जानकारी अनुसार 25 नवंबर 2025 को वे मोबाइल पर फेसबुक देख रहे थे, इसी दौरान उन्हें विप्रो के संस्थापक अजीम प्रेमजी के नाम से शेयर मार्केटिंग से जुड़ा एक विज्ञापन दिखाई दिया। विज्ञापन की लिंक खोलने पर कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का दावा करते हुए एक मोबाइल एप डाउनलोड करने के लिए कहा गया। शिकायतकर्ता ने एप डाउनलोड कर शुरुआत में कम रकम लगाकर शेयर खरीदे। कुछ ही दिनों में उनके खाते में मुनाफे की रकम आने लगी, जिससे उनका एप पर भरोसा बढ़ गया। इसके बाद उन्होंने 13 दिसंबर 2025 तक अलग-अलग कंपनियों के करीब 3 करोड़ 44 लाख 998 रुपए के शेयर खरीदे। कुछ दिन पहले जब उन्होंने ऑनलाइन शेयर बेचने के लिए एप खोला, तो बंद दिखाई दिया। साथ ही जिन लोगों से फोन पर संपर्क हुआ था, उनके सभी मोबाइल नंबर भी बंद मिले। तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद 31 जनवरी 2026 को उन्होंने गाडगेनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामला शहर साइबर पुलिस को भेज दिया गया है, जहां तकनीकी जांच की जा रही है।

Popular Articles