– जेजुरी के पास हादसा, चालक ने ट्रक पर नियंत्रण खोया
नीरा/जेजुरी :- आषाढ़ी वारी के भक्तिमय माहौल को सोमवार सुबह जेजुरी के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने शोक में बदल दिया। सासवड–जेजुरी मार्ग पर बेलसर टोल नाके से करीब 500 मीटर आगे होटल शिपदीप लॉजिंग के सामने दिंडी के साथ पैदल चल रही महिला वारकरियों को एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीन महिला वारकरयिों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गईं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नांदेड़ जिले के लोहा क्षेत्र से संत रंगनाथ महाराज पोखरबिशीकर की दिंडी के साथ चल रहा ट्रक सांगली जिले के कासबेडीगराज की दिंडी में शामिल महिला श्रद्धालुओं को टक्कर मार बैठा। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन महिलाओं ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। पूर्व मंत्री विजय शिवतारे ने बताया कि ट्रक चालक को बुखार था और उसने दवा भी ली थी। कथित तौर पर दवा लेने के बाद उसे कमजोरी महसूस हुई, जिससे वाहन पर उसका नियंत्रण बिगड़ गया और यह हादसा हो गया। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय नागरिकों, वारकरियों और प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल महिलाओं को जेजुरी के एक अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही जेजुरी पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर ट्रक को जब्त कर लिया। चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे की जांच के साथ मृतकों और घायलों की पहचान की पुष्टि करने में जुटी है।
आषाढ़ी वारी श्रद्धा, भक्ति और समानता का प्रतीक मानी जाती है। ऐसे पावन अवसर पर हुई इस दुखद घटना से वारकरी समुदाय और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है। हादसे के बाद वारी मार्ग पर यातायात प्रबंधन, भारी वाहनों की आवाजाही पर नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। वारकरी संगठनों और नागरिकों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है।








