Saturday, April 25, 2026
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

35 हज़ार की उधारी में उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ़्तार

– नारी घाट ब्रिज शव मामले का हुआ खुलासा

नागपुर :- जरीपटका थाना क्षेत्र के नारी घाट पुल के नीचे बोरे में मिले शव मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच के अनुसार, मृतक ने आरोपी को 35 हज़ार रुपए कर्ज के रूप में दिए थे, इसी को लेकर विवाद हुआ और आरोपी ने लोहे की रॉड से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद आरोपी ने शव को बोरे में भरकर नारा घाट के पास बहने वाली पिली नदी के नीचे फेंक दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

बुधवार दोपहर को नारी घाट के पास बहने वाली पीली नदी के निचे बोरे में बंद एक लाश मिलने से हड़कंप मच गया था। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जब जांच शुरू की, तो शव की पहचान झिंगाबाई टाकली निवासी राहुल सुनील साहू (38) के रूप में हुई। राहुल सदर स्थित अचरज टावर में ‘हैप्पी डे’ नाम से होटल चलाता था। पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग बना वह बोरा, जिस पर लगा एक खास ट्रेडमार्क सीधे कातिल के दरवाजे तक ले गया।

पुलिस की गिरफ्त में आए 40 वर्षीय ई-रिक्शा चालक नवीन पंजाबराव पुंडकर ने जो खुलासा किया, वह चौंकाने वाला था। नवीन ने कोरोना काल में राहुल से 35 हजार रुपये ब्याज पर लिए थे। नवीन का दावा है कि वह अब तक 1 लाख रुपये से ज्यादा चुका चुका था, लेकिन राहुल का लालच कम नहीं हो रहा था।

घटना वाले दिन जब राहुल पैसे लेने नवीन के घर पहुंचा, तो विवाद बढ़ गया। इसी दौरान नवीन ने पास पड़ी लोहे की रॉड उठाई और राहुल के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

हत्या के बाद नवीन ने बेहद शातिराना तरीके से लाश को ठिकाने लगाया। उसने खून से सनी लाश को बोरे में भरा और अपने ही ई-रिक्शा में लादकर आधी रात को नारा घाट पुल के नीचे फेंक आया। उसे लगा कि बहता पानी उसका राज दफन कर देगा, लेकिन पुलिस की पैनी नजर और बोरे पर लगे एक ‘ट्रेडमार्क’ ने कातिल का खेल बिगाड़ दिया। जरीपटका पुलिस ने आरोपी नवीन को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.