– मोबाइल हैक कर अलग-अलग UPI ट्रांजेक्शन से उड़ाई रकम
नागपुर :- साइबर अपराधियों ने अब व्हाट्सऐप मैसेज और वीडियो कॉल के जरिए लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। खापरखेड़ा थाना क्षेत्र के वलनी माइन, वार्ड क्रमांक 5 निवासी किसान हंसदास हीरामन सुखदेवे के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि उनके मोबाइल को हैक कर अलग-अलग यूपीआई ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 5 लाख 14 हजार 955 रुपये निकाल लिए गए।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 8 से 10 अक्टूबर 2026 के दौरान शिकायतकर्ता को दो मोबाइल नंबरों से व्हाट्सऐप पर मैसेज और कई वीडियो कॉल आए। इसी दौरान उनका मोबाइल हैक करने और उनकी सहमति के बिना अलग-अलग यूपीआई माध्यमों से रकम निकाले जाने की बात सामने आई। मामले में शिकायत के आधार पर खापरखेड़ा पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी की स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।








