spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

नागपुर में महिला पर जबरन धर्मांतरण करने की कोशिश विरोध करने पर छेड़छाड़ और मारपीट, 6 लोगों पर मामला दर्ज

नागपुर :- नागपुर जिले के कामठी तहसील स्थित पुरानी कामठी क्षेत्र के मरियम अम्मा दरगाह में एक महिला का कथित रूप से जबरन धर्मांतरण कराने की कोशिश किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले में कोलकाता निवासी महिला की शिकायत पर कन्हान पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है, जबकि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है।

पुलिस के अनुसार, कोलकाता के दमदम क्षेत्र में रहने वाली महिला अप्रैल महीने में मरियम अम्मा दरगाह के उर्स कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कामठी आई थी। वह पिछले तीन-चार वर्षों से हर वर्ष उर्स के अवसर पर यहां आती रही है। महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि इस दौरान कुछ लोगों ने उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया।

महिला का कहना है कि जब उसने धर्मांतरण से इनकार किया तो उसके साथ छेड़छाड़ की गई, मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 18 से 19 अप्रैल के बीच उसे बंधक बनाकर रखा गया था। बाद में वह किसी तरह वहां से निकलने में सफल रही और कोलकाता लौटकर उपचार कराया। इसके बाद उसने दमदम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।

घटनास्थल कन्हान पुलिस थाना क्षेत्र में आने के कारण दमदम पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला कन्हान पुलिस को स्थानांतरित कर दिया। जीरो एफआईआर प्राप्त होने के बाद कन्हान पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद नागपुर पुलिस की एक टीम कोलकाता पहुंची और पीड़िता से विस्तृत पूछताछ की।

इस मामले में ताजी तनविरुद्दीन कलीमउद्दीन (52), ताजीन मुस्ताफिजुद्दीन तनविरुद्दीन (24) और तेजस आनंद खोब्रागड़े (24) को 29 मई को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, कुल छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिनमें दो महिलाएं और एक बुजुर्ग व्यक्ति भी शामिल हैं।

महिला की शिकायत के आधार पर मारपीट, छेड़छाड़, धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने तथा हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। साथ ही तकनीकी जांच के लिए कुछ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दबाव बनाकर धर्मांतरण कराने के ऐसे अन्य मामले भी सामने आए हैं या नहीं।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.