spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

टांग टूटने के बावजूद एक्टर सायंतनी घोष ने जारी रखी अपने आगामी शो ‘जगद्धात्री’ की शूटिंग!

नागपूर :- ज़ी टीवी का नया फिक्शन ड्रामा ‘जगद्धात्री’ उन महिलाओं की कहानी दिखाता है जो हर दिन चुपचाप लगातार मुश्किलों का सामना करती हैं। यह शो एक युवा लड़की की कहानी बताता है, जिसकी अपने ही घर में अक्सर अनदेखी होती है, लेकिन वो एक निडर अंडरकवर एजेंट के रूप में अपराध से लड़ती है और अपनी पहचान वापस पाने के लिए कभी नहीं रुकती।

जहां सोनाक्षी बत्रा ‘जगद्धात्री’ की मुख्य भूमिका में हैं, वहीं फरमान हैदर शिवाय के रोल में हैं और सायंतनी घोष माया के किरदार में हैं। माया एक मजबूत और प्रभावशाली मीडिया व्यवसायी है, जो कड़े अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपने काम और दुनिया पर राज करती है। माया बाहर से बहुत ताकतवर दिखती है, लेकिन अंदर ही अंदर अपने निजी संघर्षों को संभालती रहती है।

सायंतनी घोष के अभिनय को और खास बनाता है उनका अपने काम के प्रति पूरा समर्पण। हाल ही में टांग टूटने के बावजूद, उन्होंने शो की शूटिंग बिना रुके जारी रखी। उनका यह जज़्बा ‘जगद्धात्री’ की कहानी की तरह ही प्रेरक है। यह दिखाता है कि असली ताकत मुश्किलों से डरने में नहीं, बल्कि उन्हें पार करने में है।

सायंतनी घोष ने कहा, “जगद्धात्री में माया का किरदार निभाना मेरे लिए एक सौभाग्य और चुनौती दोनों है, क्योंकि यह भूमिका कई परतों वाली है – वह सख्त है, अनुशासित है और भीतर से चुपचाप नाज़ुक भी है। दुर्भाग्य से हाल ही में मेरे पैर में चोट लग गई और हड्डी टूट गई, लेकिन जैसा कहते हैं, शो हमेशा चलता रहना चाहिए। मैं नहीं चाहती थी कि यह परेशानी मेरे काम और दर्शकों से किए वादे के बीच रुकावट बने। चैनल और प्रोडक्शन टीम ने मेरी बहुत देखभाल की है। सेट पर हर तरह की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया है। शूटिंग के दिनों में अतिरिक्त सहूलियत दी जाती है, जैसे व्हीलचेयर उपलब्ध कराना या दृश्यों को इस तरह से बदलना कि मुझे किसी तरह की तकलीफ़ न हो। सीन भी इस ढंग से तैयार किए गए हैं कि मुझे बहुत कम या बिल्कुल भी चलना-फिरना न पड़े, ताकि पैर पर ज़रा भी ज़ोर न पड़े। मेरे को-एक्टर्स और पूरी टीम भी बहुत सहायक रही है। वे हमेशा यह सुनिश्चित करते हैं कि मैं आराम से शूट कर सकूं और सीन का असर भी बना रहे। उनकी हौसला-अफ़ज़ाई मुझे हर दिन अपना सर्वश्रेष्ठ देने की ताक़त देती है। मैं सच मानती हूं कि एक अभिनेता को आगे बढ़ाने वाला उसका जुनून और समर्पण ही होता है, चाहे सामने कितनी भी मुश्किलें क्यों न हों।”

सोनाक्षी बत्रा, फरमान हैदर और सायंतनी घोष की मुख्य भूमिका के साथ, राहुल तिवारी प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित ‘जगद्धात्री’ उन महिलाओं की कहानी दिखाने के लिए तैयार है जो खामोश रहकर किनारे हो जाने से इंकार कर देती हैं।

ज़ी टीवी के साथ जुड़े रहें, क्योंकि ‘जगद्धात्री’ जल्द ही प्रीमियर होने वाला है!

Popular Articles