सानंद वर्मा ने बताया अपनी कामयाबी का मंत्र, असली सफलता सोशल मीडिया के लाइक्स नहीं, बल्कि रचनात्मकता और जीवन के संतुलन में है

0
49

नागपूर :- आज के तेज़ रफ्तार जमाने में, जहाँ ज्यादातर लोग अपने फोन में खोए रहते हैं और लाइक्स, फॉलाअर्स और तात्कालिक मान्यता के पीछे भागते हैं, वहीं सानंद वर्मा अपने अलग अंदाज़ के लिए पहचाने जाते हैं । एण्डटीवी के शो ‘भाबीजी घर पर हैं’ में अपने अनोखे किरदार डॉ. अनोखेलाल सक्सेना के लिए लोगों द्वारा बेहद पसंद किए जाने वाले सानंद वर्मा ने अपना रास्ता खुद चुना है। यह सादगी, रचनात्मकता और मानसिक शांति पर आधारित है । उनकी यात्रा याद दिलाती है कि असली सफलता डिजिटल शोर में नहीं, बल्कि सार्थक काम और व्यक्तिगत विकास में है।

सानंद वर्मा ऊर्फ अनोखेलाल सक्सेना कहते हैं, “मेरा तरीका बहुत अलग है। मैं सोशल मीडिया पर स्क्रॉलिंग में समय नहीं बिताता । सच कहूँ तो, मुझे दूसरों के वीडियो देखने में दिलचस्पी नहीं है। मैं वही करता हूँ जो मुझे पसंद है –गाना, अभिनय और अपने वीडियो बनाना। मेरे लिए कला सिर्फ प्रोफेशन नहीं, बल्कि जीवन जीने का तरीका है, खुद से और दूसरों से गहराई से जुड़ने का तरीका है। मैंने हमेशा सजग और रचनात्मक रहने का चुनाव किया। जितना हो सके सकारात्मक काम करें। स्वास्थ्य, योग, ध्यान, व्यायाम, खेलों पर ध्यान दें। किताबें पढ़ें, अपनी कला का अभ्यास करें, अपने शौक को फॉलो करें | सोशल मीडिया और न्यूज पर समय सीमित रखें – एक दिन में 15 से 20 मिनट काफी है। इसके बाद अपना ध्यान अपने काम और विकास पर लगाएँ ।”

उन्होंने आगे कहा, “अगर हम घंटों रील्स या नकारात्मक अपडेट्स में बर्बाद करेंगे, तो जीवन केवल खराब होगा। इसके बजाय, हमें अपने भीतर की शांति और विकास पर ध्यान देना चाहिए। मैं हमेशा मानता हूँ कि असली सफलता फॉलोअर्स से नहीं, बल्कि अपने हुनर के प्रभाव और जीवन में संतुलन से मापी जाती है।”

सानंद वर्मा को ‘भाबीजी घर पर हैं’ में देखिये, हर सोमवार से शुक्रवार रात 10:30 बजे, सिर्फ एण्डटीवी पर!